भाजपा व कांग्रेस के समीकरण बिगाड़कर रचेंगे इतिहास : देवेंद्र नेगी
जागरण संवाददाता मनाली कांग्रेस पार्टी से समर्थन न मिलने के बाद आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव
जागरण संवाददाता, मनाली : कांग्रेस पार्टी से समर्थन न मिलने के बाद आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे देवेंद्र नेगी भाजपा व कांग्रेस का समीकरण बिगाड़ने में जुटे हैं। नसोगी वार्ड से जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे देवेंद्र नेगी का कहना है कि वह जीत दर्जकर इतिहास रचेंगे। दो दशक से इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा है।
देवेंद्र नेगी पहले भी इस वार्ड से आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। तब उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशी धनेश्वरी ठाकुर को कड़ी टक्कर दी थी। इस बार देवेंद्र नेगी पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में प्रचार में जुटे हैं। देवेंद्र नेगी ने कहा कि पार्टी से समर्थन न मिलने का बाद वो अपने समर्थकों की मांग पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के प्रचार बड़े नेताओं ने संभाला है जबकि उनका प्रचार आम आदमी समर्थक के रूप में कर रहा है। इस बार वह लोगों का समर्थन मिलता देख खासे उत्साहित हैं और जीत की ओर बढ़ रहे हैं।
देवेंद्र नेगी ने कहा कि जिला परिषद नसोगी वार्ड की जनता इस बार उन्हें जिताने का मन बना चुके हैं। नेगी ने कहा कि समस्त युवाओं, महिलाओं व बुजुर्गों का उन्हें समर्थन मिल रहा है। नेगी ने कहा कि जनता उन्हें मौका देती है तो वो सभी पंचायतों का बिना भेदभाव के विकास करवाएंगे और जनता की उमीदों में खरा उतरने का प्रयास करेंगे।