राठौर का आरोप, सरकार हर मोर्चे पर फेल
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि कोरोना काल में सरकार हर मोर्चे पर फेल रही है।
संवाद सहयोगी, आनी : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि कोरोना काल में प्रदेश भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है। किसानों व बागवानों को राहत नहीं मिली है। सरकार ने दावा किया था कि प्रदेश में सेब सीजन के मद्देनजर नेपाली मजदूरों की कमी दूर करने का इंतजाम किया जाएगा मगर ऐसा नहीं हुआ है। बागवानों को मजदूरों के बिना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और अब सरकार के हाथ खड़े हैं।
कुलदीप राठौर ने आनी के लुहरी स्थित खेगसू सब्जी मंडी के दौरे के दौरान पत्रकारों से कहा कि सरकार ने बस किराये में 25 फीसद वृद्धि कर गरीब जनता की कमर तोड़ दी है। सरकार की नाकामियों को लेकर विपक्ष, पत्रकारों, समाजसेवी संस्थाओं या लोगों ने जब आवाज उठाई तो उन पर एफआइआर दर्ज की गई। कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता जमीन स्तर पर कार्य कर रहा है और करता रहेगा। राठौर ने खेगसू सब्जी मंडी में बागवानों व आढ़तियों को 1000 मास्क बांटे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने इसके बाद खेगसू स्थित कुसुंबा भवानी मंदिर में शीश नवाया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी कुल्लू व लाहुल स्पीति के पूर्व अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के अध्यक्ष चंद्रकेश शर्मा भी उपस्थित थे। नहीं हुआ शारीरिक दूरी के नियम का पालन
कुल्लू जिला के आनी उपमंडल के लुहरी में सोमवार को काग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के दौरे के दौरान नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया। हालाकि भीड़ में कुलदीप राठौर ने मास्क पहने रखा लेकिन कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मास्क गले में लटकाया था तो कुछ ने नाक के नीचे रखा था। इस पर दिनभर सोशल मीडिया में चर्चा रही। काग्रेस के नेता कोरोना काल में भीड़ जुटाने वाले कार्यक्रम न करने के आरोप दूसरों पर लगाते रहे हैं। इसके बावजूद पार्टी के अपने कार्यक्रम में नियमों को ताक पर रखकर खेगसू का दौरा किया गया।