635 पुलिस जवान व होमगार्ड संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
संवाद सहयोगी कुल्लू अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के सीमित आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने त
संवाद सहयोगी, कुल्लू : अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के सीमित आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोविड-19 के नियम को ध्यान में रखते हुए इस बार कड़ी सुरक्षा के बीच सात देवी-देवताओं के साथ ही रथयात्रा होगी। जिला पुलिस भी तैयारियों में जुट गई है। दशहरा उत्सव के दौरान 635 पुलिस जवानों व होमगार्ड सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। कोविड-19 के नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस सख्ती बरतेगी। रथ मैदान में भी इस वर्ष पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। इसमें भगवान रघुनाथ जी के दर्शन करने के लिए योजना तैयार की जा रही है।
ढालपुर मैदान में बैरिकेडिंग कर खंभे लगाए जा रहे हैं। इसमें आने और जाने के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। हर वर्ष दशहरा उत्सव में कई प्रकार के देवी-देवता भाग लेते थे लेकिन इस बार दशहरा उत्सव में मात्र सात देवता ही भाग लेंगे। सभी देवताओं के कारकून सहित देवलुओं को इस बार कोरोना टेस्ट करवाना अनिवार्य है।
---------
अस्थायी शिविर को सजाने का कार्य शुरू
कुल्लू के ढालपुर मैदान में भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर को सजाने का कार्य आरंभ हो गया है। इसमें रघुनाथ जी के दर्शन के लिए खंभे लगा दिए गए हैं। ऐसे में दशहरा उत्सव को लेकर मैदान में आने जाने और दूर रहकर दर्शन करने को चूना लगाया गया है। रथ यात्रा से करीब 100 मीटर दूर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा।
---------
दशहरा उत्सव में इस बार दो बटालियन के 635 पुलिस जवान व होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसमें कोविड-19 के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। रथयात्रा के दिन भीड़ एकत्र न हो इसके लिए पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
-गौरव सिंह, पुलिस अधीक्षक कुल्लू।