भूस्खलन से मकान ढहा, सात साल की बच्ची सहित तीन दबे
भूस्खलन से मकान ढह गया व तीन लोग मलबे में दब गए।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : बंजार उपमंडल के तहत चेथर के साकन धैहडी गांव में सुबह करीब आठ बजे तीन मंजिला काष्ठकुणी शैली से बना मकान भू-स्खलन के कारण धंस गया। मकान में एक परिवार के तीन सदस्य मौजूद थे, जिनमें एक महिला, एक पुरुष व उनकी सात वर्षीय बच्ची थी। अचानक मकान के ढहने से तीनों को बचने का मौका नहीं मिला और मलबे में दब गए। जिन्हें ग्रामीणों ने तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दो दिन से हो रही लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से चेथर पंचायत के साकन धैहडी गांव में भेवा राम का मकान धंस गया। उसकी पत्नी डोलमा देवी व सात वर्षीय बच्ची जानकी मकान में दब गए। हादसा काफी भयानक था व तीनों सदस्य मकान में करीब एक घंटे तक दबे रहे और मदद के लिए चिल्लाते रहे। ग्रामीणों ने जैसे कैसे कर इन्हें बाहर निकाला। भेवा राम व पत्नी डोला देवी बुरी तरह से घायल हो थे। सात वर्षीय बच्ची डोलमा को हल्की चोटें आई हैं और वह बिल्कुल स्वस्थ है। भेवा राम व डोलमा को बंजार अस्पताल लाया गया, जहां इनकी गंभीर हालात को देखते हुए इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया।
तहसीलदार बंजार विपन कुमार ने बताया हादसे में परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं। तीनों को बंजार अस्पताल लाया गया जहां से दो को कुल्लू रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।