जल्द भर्ती होंगे आयुर्वेद डॉक्टर व फार्मासिस्ट
संवाद सहयोगी, कुल्लू : आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने आयुर्वेद विभा
संवाद सहयोगी, कुल्लू : आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने आयुर्वेद विभाग में 100 डॉक्टरों तथा 150 फार्मासिस्टों के पदों को भरने का निर्णय लिया है। इन पदों को जल्द ही भरा जाएगा, ताकि दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को उचित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके।
कर्ण सिंह ने यह जानकारी शुक्रवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र की बैंची पंचायत में आयुर्वेदिक औषधालय के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि कटराई 88 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक अस्पताल का कार्य प्रगति पर है। इसे शीघ्र ही पूरा करके जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय आयुष मंत्रालय के सहयोग से नग्गर के समीप सरसेई में दस बिस्तरों के आयुर्वेद अस्पताल का निर्माण किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोग आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति से अपना इलाज करवा सकें। इस मौके पर कर्ण सिंह ने दुर्गानगर बैंची के रामा महिला मंडल भवन के लिए दो लाख तथा शेषनाग मंदिर धाराबेहड़ के सामुदायिक भवन को एक लाख पच्चीस हजार की धनराशि देने की घोषणा भी की।
इससे पहले आयुर्वेद मंत्री का स्वागत करते हुए मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने साढे तीन वर्ष के कार्यकाल में मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए कई योजनाएं व संस्थान मंजूर किए हैं। क्षेत्र में अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें शीघ्र ही पूरा करके जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। बैंची पंचायत की प्रधान विमला देवी तथा जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष टेक चंद नेगी ने भी क्षेत्र की मांगें आयुर्वेद मंत्री के समक्ष रखीं। इस मौके पर योजना बोर्ड के सदस्य प्रेम शर्मा, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. पलकी देवी, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव हीरा लाल, पंचायत उपप्रधान गगन कुमार, पूर्व प्रधान सरला देवी, सुरेंद्र कुमार और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।