ननद ने डंडे के वार से कर दी विधवा भाभी की हत्या, आरोपित ने जुर्म कबूला; पुलिस ने डंडा किया बरामद
रामशहर थाना के तहत नंड पंचायत के कटली गांव में ननद ने अपनी विधवा भाभी की डंडे के वार से हत्या कर दी।
बद्दी, जेएनएन। रामशहर थाना के तहत नंड पंचायत के कटली गांव में ननद ने अपनी विधवा भाभी की डंडे के वार से हत्या कर दी। दोनों में अकसर झगड़ा होता था। रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि महिला की हत्या कर दी। आरोपित जमुना देवी ने जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस ने डंडा भी बरामद कर लिया है। सीमा के पति सुमन की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी चचेरी ननद मायके में ही रहती है।
रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नंड पंचायत प्रधान कमला देवी ने पुलिस थाना रामशहर को सूचना दी कि कटली गांव में सीमा अपने घर में बेहोश पड़ी है। सीमा के देवर ने इसकी जानकारी पंचायत प्रधान को दी थी। आरोपित जमुना देवी ने पुलिस को बताया कि सीमा ने उस पर पहले हमला किया था।
बचाव में उसने भी डंडे से मारा, जिस कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जमुना देवी को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर बद्दी के एएसपी अजय कुमार व नालागढ़ के एसडीपीओ मानव वर्मा भी पहुंचे थे।