हिमाचल में पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी ठंड, केलंग में तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा
Snowfall in Himachal हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड में इजाफा हो गया है। प्रदेश में सोमवार को अधिकतर स्थानों पर धूप खिलने के बावजूद पहाड़ों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। इससे मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड में इजाफा हो गया है। प्रदेश में सोमवार को अधिकतर स्थानों पर धूप खिलने के बावजूद पहाड़ों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। इससे मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। सोमवार को रोहतांग दर्रे पर तीन व बारालाचा में पांच इंच बर्फबारी हुई। केलंग को जांस्कर घाटी से जोडऩे वाले शिंकुला दर्रे में भी पांच इंच से अधिक बर्फबारी हुई है। इससे जांस्कर घाटी का संपर्क लाहुल से कट गया है।
बारालाचा दर्रे में बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग पर सोमवार को दोपहर तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। सुबह लेह जाने वाले वाहन दारचा में जबकि लेह से मनाली आ रहे वाहन सरचू में रोकने पड़े। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश न होने से किसान चिंतित हैं तो लोग सूखी ठंड से परेशान हैं।
लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन ने सरचू के बाद दारचा से भी रविवार को अस्थायी पुलिस चौकी हटा ली गई है। एसडीएम केलंग राजेश भंडारी ने सलाह दी है कि मनाली-लेह मार्ग पर मौसम का रुख देखकर ही सफर करें। एसपी लाहुल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि दारचा से अस्थायी चौकी को हटा लिया गया है, लेकिन वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस सरचू तक हालात का जायजा लेती रहेगी।
बर्फबारी के बाद केलंग में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। केलंग में तापमान -1.0 पर पहुंच गया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला की तुलना में सोलन में रातें अधिक ठंडी हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री, जबकि सोलन का 8.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दो नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना जिले में 33.3 डिग्री दर्ज किया गया।