केसीसी बैंक निदेशक मंडल चुनाव: नूरपुर जोन से करनैल राणा ने तीसरी बार हासिल की जीत
KCCB Board of Directors केसीसी बैंक निदेशक मंडल चुनाव के लिए 14 सीटों पर बुधवार सुबह दस बजे से मतदान हुआ। नूरपुर जोन से करनैल राणा ने जीत की हैट्रिक लगाई है। करनैल राणा ने निरंजन सिंह को 11 मतों से पराजित कर जीत हासिल की।
धर्मशाला, जेएनएन। केसीसी बैंक निदेशक मंडल चुनाव के लिए 14 सीटों पर बुधवार सुबह दस बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान प्रक्रिया दोपहर बाद तीन बजे तक चली। कुल्लू, बैजनाथ, भवारना, नगरोटा बगवां, रैत, इंदौरा, देहरा, परागपुर, हमीरपुर, नादौन, गगरेट, ऊना, नूरपुर व बंजार जोन में मतदान हुआ। नूरपुर जोन से करनैल राणा ने जीत की हैट्रिक लगाई है। करनैल राणा ने निरंजन सिंह को 11 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। करनैल राणा को 48, निरंजन सिंह को 37 व पवन सिंह को 2 वोट मिले। करनैल राणा लगातार तीसरी बार नूरपुर जोन से कांगड़ा बैंक के निदेशक निर्वाचित हुए हैं।
करनैल राणा ने अपनी जीत का श्रेय सभी मतदाताओं को दिए हैं। इस दौरान पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन के पुत्र जिला युवा कांग्रेस के सचिव अंबर महाजन व ब्लाॅक कांग्रेस के अध्यक्ष सुशील मिंटू सहित कई प्रमुख लोग करनैल राणा के साथ मौजूद रहे। जानकारी अनुसार करनैल राणा को पूर्व मंत्री केवल सिंह पठानिया व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन का समर्थन हासिल था जबकि निरंजन सिंह को वन मंत्री राकेश पठानिया का समर्थन हासिल था। लेकिन करनैल राणा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें सभी राजनीतिक दलों का समर्थन हासिल था।
नगरोटा बगवां में चंद्रभूषण नाग विजयी
नगरोटा बगवां जोन से भाजपा समर्थित चंद्रभूषण नाग ने विजय पताका लहराया। चंद्रभूषण नाग ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भीमसेन भाटिया को 17 वोट से पराजित किया। चंद्रभूषण नाग को 60, भीम सिंह भाटिया को 43 तथा चंद्र कृष्ण को एक वोट पर संतोष करना पड़ा, जबकि एक वोट रद पाया गया। चुनाव अधिकारी प्रत्यूष चौहान ने जानकारी दी। भाजपा सगठानात्मक जिला कागडा अध्यक्ष चन्द्र भूषण नाग की जीत पर पाटी पदाधिकारियों ने बधाई दी।
इंदौरा में कर्ण सिंह पठानिया विजेता
इंदौरान जोन में कर्ण सिंह पठानिया ने विजयी हासिल की। विशंबर सिंह, पूर्व निदेशक सुनील पाधा, कुलविंदर सिंह भी उम्मीदवार रहे, जिसमें कुल 89 वोट पड़े व एक रद हुआ। कांग्रेस समर्थित कर्ण सिंह पठानिया उर्फ मालटू को 53, विशंबर सिंह को 18, सुनील पाधा को 10 व कुलविंदर सिंह को सात वोट पड़े। जिस कारण प्रत्याशी कर्ण सिंह पठानिया को 35 वोट से विजयी घोषित किया गया। वहीं इस मौके पर कर्ण सिंह पठानिया के समर्थकों द्वारा जीत की खुशी में ढोल नगाड़ों व फूल मालाओं से स्वागत किया।