वीरभद्र सिंह लंच: होलीलॉज में बदले-बदले दिखे हालात, दिग्गजों की मौजूदगी में नदारद रहे चेहरों ने खड़े किए सवाल
Virbhadra Singh Lunch प्रदेश कांग्रेस में चल रही खींचतान के बीच रविवार को होलीलॉज में नेता सुबह से ही पहुंचने लगे थे। हालांकि नौ विधायकों समेत कई दिग्गज नेताओं ने दूरी बनाए रखी।
शिमला, अनिल ठाकुर। प्रदेश कांग्रेस में चल रही खींचतान के बीच रविवार को होलीलॉज में नेता सुबह से ही पहुंचने लगे थे। हालांकि नौ विधायकों समेत कई दिग्गज नेताओं ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने मौजूदगी दर्ज की पर कई दिग्गजों के न आने से पूरा कुनबा हॉलीलॉज में एकजुट नहीं हो पाया। आमतौर पर वीरभद्र सिंह के बुलावे पर सभी नेता पहुंचते थे। लेकिन इस बार परिस्थितियां बिल्कुल बदली हुई नजर आईं। वीरभद्र सिंह लंच के बहाने पार्टी नेताओं को एकजुट करने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन कई नेता नहीं पहुंचे। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर भी सबसे अंत में करीब पौने दो बजे पहुंचे।
आरोप, विकास कार्य ठप
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विकास कार्य ठप पड़े हैं। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय शुरू योजनाओं के ही उद्घाटन हो रहे हैैं। कांग्रेस विधायकों ने विधायक विकास निधि को बंद करने पर भी आपत्ति जताई।
पार्टी में कोई गतिरोध नहीं : राठौर
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि पार्टी में कोई गतिरोध नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना महामारी के चलते इस बार जन्मदिन पर लंच नहीं दे पाए थे। इसलिए यह आयोजन किया गया था। वीरभद्र वरिष्ठ नेता है और उनके अनुभव से पार्टी को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
पुराने साथियों को बुलाया था : राणा
सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि कोरोना के कारण पार्टी नेता आपस में नहीं मिल पा रहे थे। वीरभद्र सिंह ने इसी के कारण सभी पुराने साथियों को लंच के बहाने होली लॉज बुलाया था। राजनीति से जुड़े लोग जब एक साथ होते हैं तो राजनीतिक चर्चाएं होती ही हैैं। संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा नहीं : प्रकाश
पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि सभी नेताओं ने लंच किया। इसमें किसी भी राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा नहीं हुई है। पुराने साथियों के साथ वीरभद्र सिंह ने चर्चा की है। सभी ने इसमें भाग लिया।
सिर्फ लंच इंज्वाय किया : अनिरुद्ध सिंह
कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि सभी ने लंच का आनंद लिया। प्रदेश के सभी जिलों से कांग्रेस नेता और विधायक होलीलॉज पहुंचे थे। अपने-अपने क्षेत्र की बातें बताई कि क्या काम रुके हैं। किसी अन्य एजेंडे पर चर्चा नहीं हुई है।