वीरभद्र सिंह के लंच में नहीं जाएंगे कौल सिंह ठाकुर और सोहन लाल, ढाई साल बाद सक्रिय हुए पूर्व सीएम
Virbhadra Singh Lunchपूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर व पूर्व सीपीसी सोहन लाल शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा होलीलॉज में रखे गए लंच में नहीं जाएंगे।
मंडी, जेएनएन। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर व पूर्व सीपीसी सोहन लाल ठाकुर शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा होलीलॉज में रखे गए लंच में नहीं जाएंगे। दोनों को खुद वीरभद्र सिंह व विक्रमादित्य सिंह ने मोबाइल फोन पर कॉल कर लंच का निमंत्रण दिया है, मगर निजी व्यस्तता के चलते दोनों ने शिमला आने में असमर्थता जताई है। रविवार को कौल सिंह ठाकुर के किसी नजदीकी रिश्तेदार की शादी है व सोहन लाल ठाकुर की बेटी की सगाई है। वीरभद्र सिंह ने अपने खेमे के सभी नेताओं को लंच का न्योता दिया है।
कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर, सरकाघाट हलके से प्रत्याशी रहे पवन ठाकुर, नाचन से लाल सिंह कौशल व जोगेंद्रनगर के जीवन ठाकुर को निमंत्रण नहीं दिया गया है। वहीं, जोगेंद्रनगर से पूर्व विधायक सुरेंद्र पाल, सरकाघाट से पूर्व मंत्री रंगीला राम राव व नाचन से पूर्व विधायक टेक चंद डोगरा को लंच का निमंत्रण दिया गया है। बड़े नेताओं के अलावा वीरभद्र सिंह ने अपने सभी खास सिपहसलारों को लंच पर बुलाया है। उधर, लाल सिंह कौशल, पवन ठाकुर व पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जीवन ठाकुर का कहना था कि उन्हें लंच के लिए कोई निमंत्रण नहीं मिला है, न किसी की कोई फोन कॉल आई है।
निमंत्रण मिला है, मगर मेरे किसी नजदीकी रिश्तेदार की शादी है। इसकी वजह से लंच में नहीं जा पाऊंगा। -कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री।
रविवार को बेटी की सगाई है। इसमें व्यस्त होने की वजह से शिमला नहीं जा पाउंगा। निमंत्रण मिला है। -सोहन लाल ठाकुर, पूर्व सीपीएस।