शांता से मिले कुलपति, कृषि व किसानों के मुद्दों पर चर्चा
हिमाचल प्रदेश चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के नवनियुक्त कुलपति ने शांता कुमार से मुलाकात की।
संवाद सहयोगी, पालमपुर : हिमाचल प्रदेश चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के नवनियुक्त कुलपति डॉ. एचके चौधरी ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने प्रदेश में कृषि व किसानों से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की।
शांता कुमार ने कृषि विश्वविद्यालय की गत वर्षो की उपलब्धियों और नए कुलपति की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह भावनात्मक रूप से इस विश्वविद्यालय से जुड़े हैं। सक्षम कुलपति और कड़ी मेहनत करने वाले कर्मचारियों से उन्हें बहुत उम्मीदें हैं। वहीं, कुलपति डॉ. एचके चौधरी ने कहा कि शांता कुमार द्वारा वर्ष 1978 में मुख्यमंत्री के रूप में स्थापित इस प्रतिष्ठित कृषि संस्थान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाने और प्रमुख स्थान देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूर्व मुख्यमंत्री के सपनों को साकार करने के लिए अथक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह हितधारकों के लाभ के अनुसार शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार शिक्षा के क्षेत्रों में दिए गए दायित्वों को पूरा करने के लिए जीतोड़ मेहनत करेंगे। शांता कुमार ने स्वामी विवेकानंद पर लिखित अपनी पुस्तक कुलपति को भेंट की। इसके बाद कुलपति ने विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुलपति की पत्नी डॉ. प्रवीण लता भी उनके साथ थीं।