मंडी-पठानकोट एनएच पर परौर में स्कूटी सवार को ट्रक ने रौंदा, क्षत-विक्षत हुआ शव Kangra News
Scooty Accident Parour मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर परौर के पास स्कूटी सवार को ट्रक ने बुरी तरह से रौंद दिया।
पालमपुर, जेएनएन। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर परौर के पास स्कूटी सवार हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है स्कूटी सवार को ट्रक ने बुरी तरह से रौंद दिया। स्कूटी सवार का शव क्षत विक्षत हो गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई व हादसे की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 62 वर्षीय बुजुर्ग होशियार सिंह के रूप में हुई है। होशियार सिंह भटुआ के रहने वाले थे। ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की टांग शरीर से अलग हो गई और शरीर दो हिस्सों में बंट गया। बताया जा रहा है स्कूटी सवार ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गया और दर्दनाक मौत हो गई। परौर में जहां हादसा हुआ है, वहां मार्ग काफी संकरा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आगे से वाहन आने पर व तेज रफ्तार होने के कारण उनका दोपहिया अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
करीब पांच महीने पहले यहीं एक बरात की बस भी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें कई बराती घायल हुए थे। हादसे में दूल्हे के रिश्तेदार भी घायल हो गए थे, जो बरात जाने की बजाय अस्पताल में भर्ती हुए थे। बताया जाता है कि इस स्थान पर मोड़ है व ऊपर से मार्ग संकरा है, इस कारण यहां हादसे हो रहे है।
कांगड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से मरी बेसहारा गाय
कांगड़ा के निकट बाइपास मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बेसहारा गाय मर गई। शिमला- धर्मशाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर हजारों की तादाद में वाहन गुजरते हैं। 24 घंटे तक मृत गाय यहीं सड़क के बीचोंबीच पड़ी रही और कोई आगे नहीं आया। आलम यह था कि 24 घंटे बीतने के बाद कुत्तों ने गाय के शव को नोचना शुरू कर दिया था। जिसकी जानकारी जैसे ही कांगड़ा की दो समाजसेवी संस्थाओं धेनुम आश्रय सदनम ट्रस्ट व हिमालयन सेवियर्स के सदस्यों को मिली तो रात्री के समय घटना स्थल पर पहुंचकर मृत गाय को उठाया कर जमीन में दबाया।