चोर गिरोह की निशानदेही पर कांगड़ा के दो सुनार गिरफ्तार
नंदपुर में कानूनगो के घर में हुई चोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जेएनएन, अम्ब : नंदपुर में कानूनगो के घर में हुई चोरी के मामले में अम्ब पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रिमांड पर चल रहे जम्मी चोर गिरोह के सदस्य आरोपित रोहित उर्फ कुरी की निशानदेही पर वीरवार को कांगड़ा जिला के रैहन व जसूर में दबिश देकर दो सुनारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित सुनारों की पहचान अमित कुमार पुत्र रछपाल निवासी मकड़ोली (इंदौरा) व दर्शन सिंह पुत्र ज्ञान चंद निवासी गुसांईपुर पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपित दोनों सुनार जिम्मी के गिरोह से चोरी के आभूषण औने-पौने दाम में खरीदकर आगे ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस ने बीते मंगलवार को नंदपुर में कानूनगो के घर हुई चोरी के मामले में जम्मी उर्फ कांडा चोर गिरोह के सदस्य रोहित को नगरोटा बगवां के रेलवे स्टेशन के पास उसके रिश्तेदारों के घर से गिरफ्तार किया था। आरोपित रोहित चोरी की वारदात के बाद से ही भूमिगत था। पकड़े जाने के डर से वह नगरोटा बगवां में अपने रिश्तेदारों के घर में शरण लिए हुआ था।
बुधवार को पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश करके छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। आरोपित ने रिमांड के दौरान उगल दिया था कि उसने चोरी के आभूषण किसे बेचे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने वीरवार को कांगड़ा जिला के रैहन व जसूर में दबिश देकर दो सुनारों को चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अम्ब ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस शुक्रवार को आरोपित सुनारों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को पुलिस रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस आरोपित सुनारों से रिमांड के दौरान यह जानने की कोशिश करेगी कि उन्होंने चोरी के खरीदे आभूषणों का क्या किया है। क्या आरोपित पहले भी इस तरह के आभूषण खरीद चुके हैं। आरोपितों से पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे हो सकते हैं।