वन मंत्री के गृह जिला में देवदार के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी, पुलिस टीम ने बरामद किए 12 स्लीपर
Tree Trimming वनमंडल आनी के चवाई वन परिक्षेत्र के तहत देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलने का मामला सामने आया है।
आनी, जेएनएन। वनमंडल आनी के चवाई वन परिक्षेत्र के तहत देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलने का मामला सामने आया है। आनी पुलिस ने गश्त के दौरान गुगरा जाओं सड़क पर बुच्छैर पंचायत के जाओं नाला में सड़क के निचली तरफ छिपा कर रखे देवदार के 12 स्लीपर बरामद किए हैं। इन सभी 12 लकड़ी के स्लीपरों की लंबाई छह और साढ़े छह फीट है। पुलिस ने भारतीय वन अधिनियम की धारा 32 और 33ए आइपीसी की धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि डीएसपी आनी तेजेंद्र वर्मा और वन मंडल अधिकारी आनी चंद्रभूषण शर्मा ने की है। जानकारी के अनुसार आनी पुलिस के एएसआइ पुष्पदेव शर्मा जब अपनी टीम के साथ गश्त पर थे तो आनी से करीब 12 से 13 किलोमीटर दूर गुगरा-जाओं-तराला सड़क पर जाओं नाला में सड़क के निचली तरफ छिपा कर रखे गए लकड़ी पर उनकी नजर पड़ी। इसके बाद उन्होंने करीब जाकर देखा तो वह देवदार की लकड़ी थी।
पुलिस टीम ने ईमारती लकड़ी को कब्जे में ले लिया है। साथ ही वन विभाग के बीओ जिया लाल और वन रक्षक भुवनेश्वर कुमार को मौके पर बुलाया। वन विभाग की टीम ने सभी लकड़ी के स्लीपरों की नपाई की और पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। उधर, मामले को लेकर वनमंडल अधिकारी आनी चंद्रभूषण शर्मा का कहना है पुलिस औऱ वन विभाग देवदार के पेड़ों को काटने वालों की तलाश में जुट गए हैं। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
देवदार की लकड़ी की बाजार में काफी कीमत है। तस्कर इस ईमारती लकड़ी की खरीद फरोख्त में लगे रहते हैं। प्रदेश में पेड़ कटान के आए दिन कई मामले सामने आते हैं। वन विभाग की टीमों की सख्ती के बावजूद तस्कर रात के अंधेरे में अपने मनसूबों को पूरा करने में लगे रहते हैं।