नड्डी में बर्फ देखने उमड़े पर्यटक, वाहनों की तादाद बढऩे से लग रहा जाम Kangra News
बर्फबारी के बाद धर्मशाला के पर्यटन स्थल नड्डी व मैकलोडगंज में बर्फ में मस्ती करने के लिए लोग उमड़ रहे हैं।
धर्मशाला, जेएनएन। बर्फबारी के बाद धर्मशाला के पर्यटन स्थल नड्डी व मैकलोडगंज में बर्फ में मस्ती करने के लिए लोग उमड़ रहे हैं। नड्डी में रविवार को दिनभर पर्यटकों का आना-जाना जारी रहा। पर्यटकों की संख्या बढऩे से यहां दिनभर जाम लगा रहा। धर्मकोट व गलू में पर्यटकों की बर्फ से अठखेलियां जारी रहीं। शनिवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। रविवार सुबह न्यूनतम पारा 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान उछला है। शहर का अधिकतम पारा 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
प्रमुख पर्यटन स्थल नड्डी के साथ लगते बल गांव में 48 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। यहां डेढ़ फीट से ज्यादा बर्फबारी होने से बिजली की लाइनें टूट गई थीं। नड्डी में तो कर्मचारियों ने शनिवार शाम तक ही बिजली बहाल कर दी थी लेकिन बल में नहीं हो पाई थी। बल में 20 से ज्यादा परिवार रहते हैं और शुक्रवार को बर्फबारी के बाद गांव का शेष विश्व से संपर्क कट गया था। अब भी गांव चारों ओर से बर्फ से घिरा हुआ है।
विद्युत उपमंडल मैक्लोडगंज सहायक अभियंता रमेश चंद का कहना है बल गांव में सायं छह बजे तक बिजली बहाल करवा दी गई है। नड्डी में शनिवार शाम को ही बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी थी। मौसम विज्ञान केंद्र धर्मशाला के प्रभारी वीरेंद्र शर्मा का कहना है शनिवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही है। रविवार सुबह शहर का न्यूनतम पारा 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। धूप खिलने से पारा जरूर चढ़ा है।