Atal Tunnel Rohtang: पर्यटक विस्टाडॉम बस में निहारेंगे राेहतांग टनल, दोनों पाेर्टल पर विकसित होंगे पर्यटन स्थल
Atal Tunnel Rohtang देश का गौरव बनने जा रही अटल टनल से एक ओर जहां देश के सीमावर्ती क्षेत्र मजबूत होंगे वहीं दूसरी ओर पर्यटन को भी पंख लगेंगे। प्रदेश सरकार अटल टनल के दोनों छोर साउथ और नाॅर्थ पोर्टल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने जा रही है।
मनाली, जेएनएन। देश का गौरव बनने जा रही अटल टनल से एक ओर जहां देश के सीमावर्ती क्षेत्र मजबूत होंगे वहीं, दूसरी ओर पर्यटन को भी पंख लगेंगे। प्रदेश सरकार अटल टनल के दोनों छोर साउथ और नाॅर्थ पोर्टल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने जा रही है। अटल टनल के दोनों छोर पर बीआरओ ने पार्किंग की भी व्यवस्था कर दी है। मनाली की तरफ सोलंगनाला और लाहुल की तरफ सिस्सू को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। साथ ही टनल के छोर को भी पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संबंधित विभागों को कार्य की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश भी दे दिए हैं। लाहुल व मनाली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सिस्सू व नाॅर्थ पोर्टल को विकसित करने के लिए मंत्री डॉक्टर रामलाल मार्कंडेय व लाहुल-स्प्ीति प्रशासन संग सिस्सू में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सोलंगनाला व साउथ पोर्टल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने को मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर सहित जिला कुल्लू के तमाम बड़े अधिकारियों संग चर्चा की।
विस्टाडॉम बस से निहारेंगे सैलानी अटल टनल
देश व दुनिया के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने जा रही अटल टनल को सैलानी विस्टाडॉम बस से निहारेंगे। प्रदेश सरकार बसों की व्यवस्था करने का रही है। इन बसों में सैलानी 10 हजार फीट की ऊंचाई पर बनी अतिआधुनिक अटल टनल के दीदार सहित सुहाने सफर का भी आनंद लेंगे।
साइट सीन के बाद कोकसर होते हुए रोहतांग दर्रे का सफर
अटल टनल मनाली व लाहुल घाटी के आकर्षक व पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शामिल होने जा रही है। हालांकि टनल के बनने से रोहतांग दर्रे की लोकप्रियता कम नहीं होगी। लेकिन सैलानियों के लिए अटल टनल एक साइट सीन बन जाएगी। सैलानी मनाली से कोठी गुलाबा होते हुए रोहतांग के दीदार करेंगे और वापसी में बाया कोकसर अटल टनल होते हुए मनाली लौट आएंगे।
पर्यटन कारोबार और बढ़ेगा
मनाली के पर्यटन कारोबारी रमन, सुशील, अंकुर, रवि व्यास, बंशी, किशन राणा, रवि मिन्हास व रोशन ठाकुर ने कहा अटल टनल के रूप में मनाली को एक नया साइट सीन मिल गया है। उन्होंने बताया इससे मनाली सहित लाहुल घाटी में पर्यटन कारोबार बढ़ेगा।