तीन दिन बर्फबारी के बाद धूप खिलते ही होटलों से बाहर निकले पर्यटक, देखिए बर्फीली वादियों का नजारा
Sunshine After Snowfall तीन दिन लगातार भारी बर्फबारी के बाद वीरवार सुबह खिली धूप ने लोगों को राहत दी है।
धर्मशाला/मनाली, जेएनएन। तीन दिन लगातार भारी बर्फबारी के बाद वीरवार सुबह खिली धूप ने लोगों को राहत दी है। खासतौर पर तीन दिन से होटलों में कैद पर्यटक धूप खिलते ही बाहर निकल आए हैं। हिमाचल के पर्यटन स्थलों में हालांकि सड़कें बंद पड़ी हैं। लेकिन धूप खिलने के बाद चमकती बर्फ देखकर सैलानी चहक उठे हैं। पर्यटक बर्फ के बीच मस्ती कर रहे हैं।
हालांकि, शिमला में अभी हालात ज्यादा ठीक नहीं हैं। बर्फबारी के बाद प्रशासन ने मार्ग तो बहाल कर दिए हैं। लेकिन रात को मौसम साफ रहने से गिरा कोहरा सड़क पर जम गया है। इस कारण फिसलन बढ़ गई है। ऐसे में राजधानी में कोई वाहन नहीं चल पा रहे।
जिला कांगड़ा के पर्यटन स्थल नड्डी और भागसूनाग समेत बिलिंग और बरोट में भारी बर्फबारी हुई है। यहां पर्यटक बर्फ देखने के लिए निकले हैं। दो दिन धूप खिली रहने से बर्फ देखने के लिए आने वाले पर्यटकों की तादाद में इजाफा होना लाजिमी है।
पर्यटन नगरी मनाली में धूप खिलते ही पर्यटक होटलों से बाहर निकल आए हैं। तीन दिन बाद बर्फ़बारी से मिली राहत से पर्यटक काफी खुश हैं। कुल्लू से मनाली आने वाली बस सेवा सिर्फ पतलीकूहल तक ही है। फ़ॉर व्हील ड्राइव वाहन ही एकमात्र सहारा हैं। प्रशासन ट्रैफ़िक सुचारू करने में जुटा है। मनाली शहर समेत अन्य इलाकों में बिजली सेवा प्रभावित है। पानी की पाइपें जमने से जल आपूर्ति भी प्रभावित हैै।
शिमला में बर्फबारी के बाद मौसम साफ होने पर यातयात व्यवस्था ठप है। उपनगर संजौली में सड़क किनारे खड़ी गाडि़यां बर्फ से लदी। शिमला शहर में आज रोजमर्रा के जरूरी सामान की सप्लाई भी नहीं हो पाई।