सीयू शोध पात्रता परीक्षा के तीन प्रश्न रद, 17 को घोषित होगा परिणाम
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश शोध पात्रता परीक्षा के जरनल पेपर के तीन प्रश्न रद कर दिए हैं क्योंकि ये तीनों प्रश्न गलत तरीके से सेट किए गए थे। गलत पूछे गए प्रश्नों के स्थान पर ग्रेस मार्क देने की बजाए सीयू प्रशासन ने तीनों प्रश्न रद करने के निर्णय लिया है। इसके अलावा प्रशासन ने परिणाम घोषित करने की तिथि भी बढ़ा दी है। अब 17 अक्टूबर को परिणाम घोषित किया जाएगा जोकि पहले 10 अक्टूबर का घोषित होना था।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला : केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश शोध पात्रता परीक्षा के जरनल पेपर के तीन प्रश्न रद कर दिए हैं, क्योंकि तीनों प्रश्न गलत तरीके से सेट किए गए थे। गलत पूछे प्रश्नों के स्थान पर ग्रेस मार्क्स देने की बजाय सीयू प्रशासन ने तीनों प्रश्न रद करने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने परिणाम घोषित करने की तिथि 17 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। पहले 10 अक्टूबर को परीक्षा परिणाम घोषित होना था।
शाहपुर में हुई सीयू शोध पात्रता परीक्षा जरनल पेपर-एक के प्रश्न नंबर 11, 12 व 13 तीनों परिवार संबंध वाचक प्रश्न पूछे गए थे। लेकिन प्रश्नों के बीच चारों ऑप्शनों में सही उत्तर नहीं दर्शाए गए थे। सीयू प्रशासन को परीक्षा के बाद इस गलती का पता चला है, इसलिए प्रशासन ने तीनों प्रश्नों को रद कर दिया है। जरनल पेपर 60 अंक का था और परीक्षा में पात्र होने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 फीसद अंक लेना अनिवार्य है, जबकि आरक्षित वर्ग अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 45 फीसद अंक लेने हैं। कुल 60 अंक के आधार पर पात्रता प्रतिशतता तय होनी थी, लेकिन अब 57 अंक से 50 व 45 फीसद का आकलन किया जाएगा।
शोध पात्रता परीक्षा 29 सितंबर को शाहपुर में करवाई गई थी, जिसमें 23 विषयों के 872 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। उधर सीयू के परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशासनिक कारणों के चलते परिणाम घोषित करने के तिथि बदलकर 17 अक्टूबर तय की गई है। इसके अलावा जरनल पेपर के तीन प्रश्न रद कर दिए हैं।