Army Bharti: सेना में भर्ती हाेने के लिए पालमपुर में पहुंचे हजारों युवा, देखिए तस्वीरों में
कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के खेल मैदान में शनिवार को हिमाचल के युवाओं की भर्ती थी। इस दौरान अल सुबह ही हजारों युवा मैदान के पास पहुंच गए थे।
पालमपुर, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के खेल मैदान में शनिवार को हिमाचल के युवाओं की भर्ती थी। इस दौरान अल सुबह ही हजारों युवा मैदान के पास पहुंच गए थे। पालमपुर शहर की हर गली में भीड़ दिख रही थी। सुबह 11 बजे तक तीन हजार से अधिक युवा दौड़ लगा चुके थे। सेना में भर्ती होने के लिए युवाओं में भारी उत्सा है। हजारों युवाओं के पालमपुर में पहुंचने से पुलिस प्रशासन भी चौकस है, चौराहों पर जाम लग रहा है।
शनिवार को चंबा, कांगड़ा, लाहुल-स्पीति, कुल्लू और मंडी जिलों के युवाओं की भर्ती हो रही है। रविवार को सोलन, सिरमौर, शिमला, हमीरपुर, ऊना, किन्नौर के युवाओं को मौका दिया जाएगा। सेना भर्ती के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को पंजाब के युवाओं ने दमखम दिखाया था। पंजाब के विभिन्न जिलों से करीब 1500 युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। मेजर डीके शर्मा ने बताया कि 175 युवा दौड़ की बाधा को पार कर पाए।
हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के युवाओं के लिए प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के खेल मैदान में 150 इनफेनटरी बटालियन पंजाब भर्ती प्रक्रिया चला रही है। सोल्जर जनरल ड्यूटी 132, क्लर्क स्टाफ ड्यूटी चार, हाउस कीपर एक, रसोइया दो, नाई एक और दर्जी का एक पद भरा जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया के चलते पालमपुर के ढाबों ओर रेस्टोरेंट में जहां खाना खाने के लिए युवा पहुंच रहे हैं वहीं रात को गुरुद्वारा, मंदिर और गेस्ट हाउसों में पहुंच रहे हैं।