यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रदेश के हजारों लोगों ने किया सूर्य नमस्कार, केंद्रीय आयुष मंत्रालय की वेबसाइट पर जुड़े लोग
मकर सक्रांति पर्व पर पूरी दुनिया में एक करोड़ से ज्यादा लोग आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए।। ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। मकर सक्रांति पर्व पर पूरी दुनिया में एक करोड़ से ज्यादा लोग आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। इस महायज्ञ में प्रतिदिन लाखाें की संख्या में लोग सूर्य नमस्कार के लिए पंजीयन करा रहे थे। सूर्य नमस्कार में शामिल होने के लिए लोगाें में काफी उत्साह मिल रहा है। नेशनल योगासन स्पोर्ट फैडरेशन के तहत हिमाचल प्रदेश योगासन स्पोर्टस एसोसिएशन के राज्य सचिव डा. विवेक सूद ने बताया कि सूर्य नमस्कार के तहत आठ आसन आते हैं। यह एक यौगिक प्रक्रिया है। ये पूरी तरह से श्वासों पर आधारित है।
भारत सरकार के केंद्रीय आयुष मंत्रालय की वेबसाइट पर वैज्ञानिक तौर पर डिजाइन किया पूरा प्रोग्राम दिया गया था। इसे आसानी से देखा जा सकता है। आजादी के अमृत महोत्सव समारोह के तहत 14 जनवरी को वैश्विक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम पूरे भारत और विश्व में किया गया। प्रदेश योगासन स्पोर्टस एसोसिएशन के पैटर्न लक्ष्मीदत शर्मा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से करवाए जा रहे सूर्य नमस्कार के तहत हिमाचल प्रदेश में भी सूर्य नमस्कार कार्यक्रम बड़े उत्साह और उल्लास से किया गया। प्रदेश के शिक्षण संस्थान, कारपोरेट, विश्वविद्यालय काॅलेज आदि संस्थानाें के कर्मचारी व छात्रवर्ग इस महायज्ञ में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश योगासन स्पोर्टस एसोसिएशन के अध्यक्ष लीलाधर शर्मा ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलाें को देखते हुए मकर संक्राति पर सूर्य नमस्कार कार्यक्रम ज्यादा प्रासंगिक है। इससे अपने आप को फिट रखने और कोरोना के काल में खुद को आत्मविश्वास को बढ़ाने में काफी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार से फेपड़ों की कसरत भी हो जाती है। ऐसे में कोरोना की तीसरी लहर के दौरान किया गया ये प्रयोग काफी सार्थक रहा। इसलिए सभी युवा, बच्चों से लेकर हर उम्र के लोगों को सूर्य नमस्कार करना चाहिए।