झूठ की राजनीति का सहारा ले रही कांग्रेस : भाजपा
भाजपा मंडल जसवां-परागपुर ने हाल ही में कांग्रेस द्वारा प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने के मुद्दे पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे फ्लॉप शो करार दिया।
संवाद सहयोगी, देहरा : भाजपा मंडल जसवां-परागपुर ने हाल ही में कांग्रेस द्वारा प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने के मुद्दे पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे फ्लॉप शो करार दिया।
मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि घटिया और झूठ की राजनीति का सहारा लेकर कांग्रेस अपनी खिसकती जमीन को बचाने की नाकाम कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में कलोहा से तूतडू वाया सरड-डोगरी संपर्क सड़क के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया।
वर्ष 2013-14 में जब कांग्रेस की सरकार में मनकोटिया कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष थे तो उस समय इस क्षेत्र के विधायक बिक्रम ठाकुर ने इसी सड़क मार्ग को अपनी विधायक प्राथमिकता में डाला था जिस पर लगभग 11 से 12 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था। उस समय प्रदेश सरकार ने इस कार्य को दो स्टेज में करने बारे कहा, जिस पर पहली स्टेज में नौ करोड़ से कलोहा-सलेटी संपर्क सड़क का कुछ भाग उसी समय बनकर तैयार करवा दिया गया। इस सड़क पर उस समय चार पुलों का निर्माण भी करवाया गया। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जसवां-परागपुर से उस समय के विधायक बिक्रम ठाकुर के बार-बार आग्रह करने के बाद भी दूसरी स्टेज की डीपीआर तक नहीं बनने दी गई। अगर उस समय डीपीआर बनने दी गई होती तो यह सड़क वर्ष 2014 में ही बनकर तैयार हो चुकी होती।