भारी बर्फबारी के बाद धूप खिलते ही चमक उठे पहाड़, सुंदर वादियां निहारने उमड़े पर्यटक, देखिए तस्वीरों में
Sunshine after snowfall हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी बर्फबारी के बाद वीरवार सुबह से ही धूप खिल उठी। भारी बर्फ से लदे पहाड़ धूप खिलते ही चमक उठे हैं।
मनाली/धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी बर्फबारी के बाद वीरवार सुबह से ही धूप खिल उठी। भारी बर्फ से लदे पहाड़ धूप खिलते ही चमक उठे हैं। पर्यटन स्थलों पर हजारों सैलानी उमड़ आए हैं। मनाली, शिमला, डलहौजी व धर्मशाला के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भरमार लग गई है। पर्यटक सुंदर वादियों का नजारा लेने के लिए हिमाचल का रुख कर रहे हैं। हालांकि ऊंचाई वाले स्थानों पर रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए बर्फबारी जनजीवन प्रभावित हुआ है लेकिन हर कहीं बिछी बर्फ की सफेदी से पर्यटन कारोबारियों सहित हर किसान-बागवान खुश है।
शिमला में वीरवार को मौसम साफ होने पर पर्यटनस्थल कुफ़री में बर्फ का आनंद लेने के लिए पहुंचे पर्यटकों के वाहनों के कारण लगा जाम।
मनाली में धूप खिलते ही पर्यटकों ने पर्यटन स्थलों का रुख कर लिया है। मनाली से सोलंगनाला में साहसिक खेलों की धूम मच गई है, लाहुल-स्पीति में जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। मनाली के कोठी व सोलांग गांव के ग्रामीणों की भी दिक्कत बढ़ी है। लाहुल-स्पीति घाटी के समस्त गांव के लोग बर्फबारी के बाद घरों में कैद हो गए हैं। बर्फ़बारी के कारण समस्त लाहुल घाटी में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मनाली के पर्यटन स्थल नेहरूकुंड में ब्यास नदी किनारे उमड़े पर्यटक।
लाहुल-स्पीति के केलंग में तीन फीट हिमपात
लाहुल की समस्त घाटी भारी हिमपात के कारण बर्फ से ढक गई है। लेकिन कोकसर सिस्सू, दारचा जिस्पा, कारदंग प्यूकर, चौखंग नेन्गाहर और मायड़ घाटी के ग्रामीणों की दिक्कत अधिक बढ़ी है। यहां 3 फीट से अधिक बर्फ की मोटी परत जमा हो गई है। घाटी से समस्त संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं, जबकि मुख्य मार्ग की बहाली में जुटे बीआरओ की मार्ग बहाली भी प्रभावित हुई है। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि मौसम साफ होते ही लाहुल घाटी की मुख्य सड़क सिसु दारचा व तांदी संसारी मार्ग की बहाली शुरू कर दी जाएगी।
पर्यटन नगरी मनाली के माल रोड पर वीरवार को धूप खिलने पर होटलों से बाहर निकले पर्यटक।
रोहतांग में बर्फ की कई फीट ऊंची परत
जिला कुल्लू के मनाली के पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक उमड़ पड़े हैं। मनाली के समस्त पर्यटन स्थल रोहतांग, राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, राहला फाल, गुलाबा, फातरु, कोठी, सोलंगनाला, अंजनी महादेव और पलचान में भारी बर्फ़बारी हुई है। रोहतांग तो सैलानियों के लिए गर्मियों में ही खुलेगा। लेकिन सैलानी नजदीक के पर्यटन स्थल सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव, हामटा व नेहरूकुंड में सैलानी बर्फ का खूब आनंद ले रहे हैं।
शिमला के पर्यटन स्थल कुफरी में भारी बर्फबारी के बाद वीरवार को जैसे ही धूप खिली तो इस तरह का नजारा दिखा। पर्यटक बर्फीली वादियों को निहारने के लिए भारी तादाद में उमड़ रहे हैं।
मनाली के पर्यटन स्थलों में उमड़े पर्यटक
इन दिनों मौसम मनाली आ रहे पर्यटकों की उम्मीद पर खरा उतर रहा है। पर्यटक पर्यटन स्थलों में आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे हैं। सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव व कोठी में सैलानी बर्फ का आनंद उठा रहे हैं। डीएसपी मनाली शेर सिंह ने कहा फिलहाल सैलानियों को नेहरूकुंड तक ही भेजा जा रहा है। लेकिन जैसे जैसे हालात सामान्य हो जाएंगे, पयर्टकों को भी सोलंगनाला की ओर भेजा जाएगा।