Move to Jagran APP

धर्मशाला में डंपिंग साइट के खिलाफ मातृशक्ति का मोर्चा, सुधेड़ की महिलाओं ने दी चक्‍काजाम की चेतावनी

बागेश्वरी महिला मंडल ने सुधेड़ स्थित नगर निगम धर्मशाला की डंपिंग साइट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

By Rajesh SharmaEdited By: Published: Tue, 03 Dec 2019 08:17 AM (IST)Updated: Tue, 03 Dec 2019 08:17 AM (IST)
धर्मशाला में डंपिंग साइट के खिलाफ मातृशक्ति का मोर्चा, सुधेड़ की महिलाओं ने दी चक्‍काजाम की चेतावनी

धर्मशाला, जेएनएन। बागेश्वरी महिला मंडल ने सुधेड़ स्थित नगर निगम धर्मशाला की डंपिंग साइट के खिलाफ  मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को महिला मंडल की प्रधान सुनीता ठाकुर के नेतृत्व में सदस्यों व ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी कांगड़ा को ज्ञापन सौंपा। साथ ही अल्टीमेटम दिया कि अगर एक माह के भीतर डंपिंग साइट की समस्या का स्थायी समाधान न हुआ तो 6 जनवरी, 2020 को जिले की तमाम महिला मंडल की पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ मिलकर चक्काजाम करेंगी और इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन व नगर निगम की होगी।

loksabha election banner

महिला मंडल सदस्यों के अनुसार वे पिछले काफी समय से डंपिंग साइट को यहां से हटाने की मांग करती आ रही हैं। इस बाबत नगर निगम, उपायुक्त, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ-साथ राष्ट्रीय ग्रीन ट्रिब्यूनल को भी मांगपत्र सौंपा था, लेकिन आश्वासनों के सिवाय कुछ नहीं हुआ है। ग्रामीणों रमना देवी, सुदर्शना, निशा, रमेश, जगदीश, अभिषेक, त्रिसला, सरोज, किरण, सुनीता कुमारी व रवीना ने बताया कि  डंपिंग साइट के कारण जलस्रोत दूषित हो रहे हैं। साथ ही उपजाऊ जमीनें भी प्रभावित हो रही हैं। डंपिंग साइट में रात को कुत्ते बैठे रहते हैं और वे सुबह होते ही गांव की ओर रुख करते हैं। साथ ही  सुधेड़ गांव में बदबू के कारण बीमारी फैलने की आशंका है।

डीसी को ज्ञापन सौंपने के साथ ही  अल्टीमेटम भी दिया है कि यदि एक माह के भीतर समस्या का समाधान न हुआ तो 6 जनवरी, 2020 को बागेश्वरी महिला मंडल जिले के अन्य महिला मंडलों के साथ चक्का जाम करेंगी और डंपिंग साइट में कचरा नहीं फेंकने देंगी।  -सुनीता ठाकुर, प्रधान बागेश्वरी महिला मंडल सुधेड़।

बागेश्वरी महिला मंडल ने ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों की समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।  -प्रदीप ठाकुर, आयुक्त नगर निगम धर्मशाला।

बागेश्वरी महिला मंडल डंपिंग साइट की समस्या लेकर मिला है। लोगों की समस्या से प्रशासन बाकिफ है। नई साइट के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। कुछ औपचारिकताएं हैं और उन्हें पूरा करने की दिशा में कार्य जारी है। नगरोटा बगवां के पास चिह्नित जमीन में नगर निगम धर्मशाला, नगरोटा बगवां व कांगड़ा का कचरा एक साथ ठिकाने लगाया जाएगा -राकेश कुमार प्रजापति, उपायुक्त कांगड़ा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.