सांसदों व विधायकों की पेंशन बंद हो : निशा कटोच
हिदू महासभा की कार्यकारिणी सदस्य निशा कटोच ने सांसदों और विधायकों की पेंशन बंद करने की मांग उठाई है।
जागरण संवाददाता, पालमपुर : अखिल भारत हिदू महासभा कार्यकारणी सदस्य हिमाचल प्रदेश निशा कटोच ने कहा कि यदि विधायकों व सांसदों को पेंशन सुविधा है, तो सरकारी कर्मचारियों को पेंशन क्यों नहीं है? क्यों बार-बार कर्मचारियों को झांसा देकर झूठ की राजनीति का शिकार बनाया जाता है। निशा कटोच ने कहा कि जिन बातों पर चुनावों से पहले हामी भरी जाती है वहीं बातें चुनाव जीतने के बाद बोझ बन जाती है। जहां कर्मचारियों के पेंशन बिल ज्यादा हो जाने के कारण देश के विकास में विपरीत असर पड़ता है, वहीं दूसरी ओर क्या सांसदों और विधायकों के निजी खर्च व पेंशन का बोझ भी जनता और देश लगातार ढो रही है, जिसके कारण देश की उन्नति और अर्थ व्यवस्था में लगातार असर पड़ रहा है। अगर सरकारी कर्मचारियों को पेंशन नहीं तो सांसदों और विधायकों को भी पेंशन नहीं होनी चाहिए। पूर्व विस अध्यक्ष के जन्मदिवस की तैयारियों पर मंथन
पालमपुर : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल के 25 जुलाई को 79वें जन्मदिन के आयोजन को लेकर मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस पालमपुर, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, एनएसयूआइ, इंटक की सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन दीक्षित ने बताया कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल 25 जुलाई को अपने जन्मदिवस पर सुबह साढ़े दस बजे केएलबी डीएवी कन्या महाविद्यालय पालमपुर में पौधारोपण में भाग लेंगे। इसके बाद सिविल अस्पताल पालमपुर में मरीजों को फल वितरण करने के बाद एनएसयूआइ इकाई की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करेंगे। अध्यक्ष डॉ. दीक्षित ने बताया कि इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस पालमपुर की ओर से सभी कार्यकर्ताओं को कांगड़ी धाम का प्रबंध किया गया है।