कोरोना महामारी से बचाव के लिए श्रीचामुंडा मंदिर में विशेष पूजा, सवा लाख बार गायत्री मंत्र जाप करेंगे पुजारी
Chamunda Devi Temple कोरोना संक्रमण के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। इसके लिए जहां विश्वभर के वैज्ञानिक इसका तोड़ ढूंढने में जुटे हैं तो वहीं आस्था को लेकर भी सभी मंदिरों में भी कोरोना संक्रमण से रक्षा व शांति के लिए महायज्ञ चल रहे हैं।
योल, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। इसके लिए जहां विश्वभर के वैज्ञानिक इसका तोड़ ढूंढने में जुटे हैं तो वहीं आस्था को लेकर भी सभी मंदिरों में भी कोरोना संक्रमण से रक्षा व शांति के लिए महायज्ञ चल रहे हैं। इसी कड़ी के तहत श्री चामुंड़ा नंदिकेश्वर धाम मंदिर में मुख्य पुजारी ओम व्यास की अगुवाई में रोजाना 11 पंडित गायत्री मंत्र का जाप कर रहे हैं। यह क्रम दिनभर चल रहा है। छह दिनों में सवा लाख गायत्री मंत्र का जाप पूरा करना है।
पुजारी ओम व्यास ने बताया कि 26 नवंबर को जाप पूरा होने के बाद पूर्णाहुति डाली जाएगी। उन्होंने बताया कि गायत्री जाप में इतनी शक्ति है कि समूचे ब्रह्मांड में फैली नकारात्मक शक्तियां का नाश हो जाता है। जब यज्ञ किया जाता है तो उसमें समाहित हवन सामग्री अग्नि में जलती है तो समूचा वातावरण शुद्ध हो जाता है। जैसे मां दुर्गा ने हर युग में विभिन्न रूपों में अवतार लेकर मानव जाति के कल्याण के लिए नकारात्मक शक्तियाें का नाश किया है। इसी तरह गायत्री मंत्र का जाप भी कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के खात्मे में अवश्य सहायक होगा।
इससे पहले कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी देवी मंदिर में भी विशेष पूजा पाठ हुआ। यहां भी पंडितों ने सवा लाख बार गायत्री मंत्र का जाप किया। हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों के प्रति लोगों में गहरी आस्था है।