शिमला में चार स्थानों पर शस्त्र पूजन कर पथ संचलन पर निकले आरएसएस स्वयंसेवक
RSS News RSS समाज एवं आत्मरक्षा के लिए वैदिक काल से चली आ रही शस्त्र पूजन कार्यक्रम को शाखाओं पर मनाता है। समरहिल लोअर बाजार कसुम्पटी और संजौली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शिमला जिला की ओर से शस्त्र पूजन कर पथ संचलन किया।
शिमला, राज्य ब्यूरो। RSS News, प्रति वर्ष विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपना स्थापना दिवस मनाता है। इसके साथ ही समाज एवं आत्मरक्षा के लिए वैदिक काल से चली आ रही शस्त्र पूजन कार्यक्रम को शाखाओं पर मनाता है। इसी कड़ी में रविवार को शिमला शहर के चार स्थानों समरहिल, लोअर बाजार, कसुम्पटी और संजौली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शिमला जिला की ओर से शस्त्र पूजन कर पथ संचलन किया। मुख्य कार्यक्रम शहर के मध्य स्थित होटल लैंडमार्क पर आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में इस्कान के आनंद प्रभु महाराज और मुख्य वक्ता शिमला विभाग के सह कार्यवाह महेंद्र शर्मा रहे। आनंद प्रभु महाराज ने कहा कि 1925 में विजयादशमी के दिन मात्र 17 युवाओं से शुरू हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज विश्व का सबसे बड़ा संगठन हो गया है। संपूर्ण देश संघ से अपेक्षा का भाव रखता है। संघ वर्तमान समय में युवाओं को संगठित एवं अनुशासित करने के काम लगा हुआ है, उस कार्य में आप सभी सफल हों इसके लिए मेरी शुभकामना। महेंद्र शर्मा ने कहा कि देवी के नवरात्र और विजयादशमी का समय हमारे लिए अहंकार को दूर करने वाला है। स्वयंसेवकों में अनुशासन, समरसता लाने के लिए संघ की शाखाओं में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होता है, इसलिए संघ की स्थापना पर शस्त्र पूजन और पथ संचलन का कार्यक्रम किया जाता है। उससे जिस प्रकार के स्वयंसेवकों का निर्माण होता है वे समाज में बहुविध कार्य करते हैं। कोरोना की विभीषिका में हमने देश और विदेश में स्वयंसेवकों को सेवा कार्य करते देखा है। कई स्वयंसेवकों को अपने प्राण भी गंवाने पड़े थे। यही भाव संघ स्वयंसेवकों में लाना चाहता है।
शिमला जिला संघचालक अजय सूद ने सबका आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में केशव और माधव दो नगरों से 150 स्वयंसेवकों ने सहभाग किया। इस कार्यक्रम में केशव नगर संघचालक लोकेश सूद, हिमाचल प्रांत प्रचारक संजय कुमार, व्यवस्था प्रमुख ओमप्रकाश, पर्यावरण सह संयोजक पवन कुमार और कार्यालय प्रमुख देवराज भी उपस्थित रहे।