190 लाख से बनेगी मसेह-खटरा सड़क
संवाद सूत्र जसवां परागपुर उद्योग परिवहन एवं श्रम व रोजगार मंत्री बिक्रम ठाकुर ने जसवां परा
संवाद सूत्र, जसवां परागपुर : उद्योग, परिवहन एवं श्रम व रोजगार मंत्री बिक्रम ठाकुर ने जसवां परागपुर विधानसभा में मंगलवार को 314.74 लाख की विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने चामुक्खा में 4.50 लाख से बने आंगनबाड़ी केंद्र भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद 49.95 लाख से बनने वाली जटोली चाकरां एवं खटरा उठाऊ पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इस योजना के बनने से सैकड़ों परिवारों को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी और पेयजल समस्या से निजात मिलेगी। इसके बाद बिक्रम ठाकुर ने 190.28 लाख से बनने वाली मसेह से कुरियाल खेड़ा वाया जटोली चाकरां, खटरा सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए कार्य तय समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने कुरियाला खेड़ा में बनने वाले मंदिर का भूमिपूजन कर दौदू ब्राह्माणा में 15 लाख से बनने वाले वन सरोवर व 55 लाख की लागत से बनने वाले सेरीकल्चर भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान उद्योग मंत्री ने शिमला से बैजनाथ वाया पीरसलूही बस सेवा का भी शुभारंभ किया।
कोहलापुर पंचायत में जनसभा को संबोधित करते हुए बिक्रम ठाकुर ने कहा कि आज जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी तथा समस्याएं भी सुनी। उन्होंने समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता संदीप चौधरी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पूरी, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग कुलदीप राणा, डीएफओ देहरा आरके डोगरा, बीडीओ परागपुर कंवर सिंह, तहसीलदार रक्कड़ कंचन कुमारी, सीडीपीओ परागपुर जीत सिंह, एससी मोर्चा अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला परिषद सदस्य अरुणा डोगरा, कल्पना, सुशील कुमार, सत्या सूद व अन्य मौजूद रहे।