शिमला-मटौर फोरलेन: 12 से 15 मिनट में होगा कच्छियारी से रानीताल का सफर, रियुंद पुल पर जल्द दौड़ेंगे वाहन
मटौर-शिमला फोरलेन पर रियुंद पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसका उद्घाटन जल्द होगा। यह पुल कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लिए समय बचाएगा, यातायात सुगम बनाएगा।

मटौर से शिमला फोरलेन का कांगड़ा में हुआ निर्माण।
HighLights
रियुंद पुल का निर्माण पूरा, जल्द होगा उद्घाटन।
कच्छियारी से रानीताल का सफर 12-15 मिनट में।
ग्रामीण क्षेत्रों को सीधी कनेक्टिविटी, विकास को बढ़ावा मिलेगा।
रितेश ग्रोवर, कांगड़ा। मटौर-शिमला फोरलेन में बन रहे रियुंद पुल का उद्घाटन कुछ ही दिन में होने वाला है। इसके आरंभ होने से धार्मिक नगरी कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा और इसका असर हजारों लोगों के जीवन पर पड़ेगा। कांगड़ा से समेला-दौलतपुर के बीच का मार्ग दशकों से उपयोग में था, अब इतिहास बनने जा रहा है और एनएच के स्थान पर संपर्क मार्ग में तबदील होगा। इससे तीखे मोड़ों और तंग रास्तों से राहत मिलेगी।
मटौर-शिमला फोरलेन परियोजना के तहत रियुंद पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पुल को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण जारी है। आगामी दिनों में इस पर यातायात आरंभ होने की संभावना है, जिससे बड़ी गाड़ियां कांगड़ा तक पहुंच सकेंगी।
समय की बचत होगी
फोरलेन के आरंभ होने से समय की बचत होगी और समेला टनल के उबड़-खाबड़ रास्ते से छुटकारा मिलेगा। पुल चालू होने के बाद कच्छियारी से रानीताल और शिमला की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा। लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। कच्छियारी से 20 किलोमीटर दूर रानीताल पहुंचने में 120 से 15 मिनट लगेंगे, जबकि पहले यह दूरी तय करने में 30 मिनट लगते थे।
सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी
फोरलेन और रियुंद पुल उन ग्रामीण क्षेत्रों को भी सीधी कनेक्टिविटी देंगे, जो पहले मुख्य सड़कों से कटे थे। इससे ग्रामीण जनसंख्या के जीवन स्तर में सुधार होगा और क्षेत्र में विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे होम स्टे, होटल और स्थानीय दुकानदारों को लाभ होगा।
फोरलेन से कांगड़ा की सीधी कनेक्टिविटी के लिए कुछ संपर्क मार्ग हैं। फोरलेन आरंभ होने के बाद इन लिंक रोड से फोरलेन की दूरी करीब तीन किलोमीटर होगी। छोटे वाहन इन लिंक रोड का अधिक इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन सकती है।
हालांकि, मंडी से पठानकोट के बीच राजोल से ठानपुरी फोरलेन की अलाइनमेंट अभी तय नहीं हुई है। संभावना है कि यह कांगड़ा-मटौर के बीच से निकाली जाए।
क्या कहना है प्रोजेक्ट डायरेक्टर का
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मटौर-शिमला फोरलेन के प्रोजेक्ट डायरेटर राकेश यादव ने बताया कि रियुंद पुल तैयार है। बस अब पुल की अप्रोच का कार्य चल रहा है जो कुछ दिन में पूरा हो जाएगा। सड़क का कार्य पूर्ण होने पर रियुंद पुल का सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षण किया जाएगा और उसके बाद यातायात के खोल दिया जाएगा। इस माह के अंत तक पुल से यातायात बहाल होने की उम्मीद है। कांगड़ा-हमीरपुर पैच के पूर्ण होने के लिए विभाग ने 30 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया है।
