डॉगी घुमाने निकले रिटायर्ड फौजी को पड़ोसी ने मारी गोली, कांगड़ा के जयसिंहपुर में वारदात; आपसी रंजिश बनी वजह
हिमाचल प्रदेश के जयसिंहपुर, कांगड़ा में एक सेवानिवृत्त फौजी को पड़ोसी ने आपसी रंजिश के चलते गोली मार दी। गोली ...और पढ़ें

जयसिंहपुर में पड़ोसी ने रिटायर्ड फौजी को गोली मार दी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
जयसिंहपुर में रिटायर्ड फौजी को पड़ोसी ने मारी गोली।
आपसी रंजिश के कारण हुई यह वारदात, फौजी घायल।
पुलिस आरोपी शत्रुघ्न की तलाश में जुटी, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, जयसिंहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर में आपसी रंजिश में पड़ोसी ने रिटायर्ड फौजी पर गोली चला दी। बालकरूपी में मंगलवार सुबह इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि गोली टांग में लगी, इस कारण व्यक्ति खतरे से बाहर है। 58 वर्षीय पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, वारदात के आरोपित की पहचान शत्रुघ्न के रूप में हुई है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।
कुत्ते को घुमाने निकले थे महेंद्र
जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह मंगलवार सुबह अपने घर के बाहर कुत्ते को घुमाने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन पर गोली चलाई गई। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से इलाके में हलचल मच गई।
दोनों में आपसी रंजिश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली चलाने के पीछे आपसी रंजिश को कारण बताया जा रहा है। हालांकि, रंजिश की वजह क्या थी और वारदात किन परिस्थितियों में हुई, इसका पूरा खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस कर रही जांच
गोली चलाने के आरोपित शत्रुघ्न की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है और वारदात के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घायल पूर्व सैनिक के बयान और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
