Himachal Weather: धर्मशाला में भारी बारिश, सड़कों पर बहने लगा नालों की तरह पानी
Himachal Weather मौसम विभाग ने चार सितंबर यानी आज प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार जताए गए थे। दोपहर बाद धर्मशाला व धौलाधार रेंज में भारी बारिश हुई। सड़कों पर नालों की तरह पानी बहने लगा। इस कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने चार सितंबर यानी आज प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई थी। अधिकतर इलाकों में घने बादल छाए रहे। इससे पहले रात को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को दिनभर खिली तेज धूप के बाद रात को दस बजे के बाद प्रदेश के अधिकतर इलाकों में राहत की फुहार पड़ी। दिन में भी कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई थी।
प्रदेश में सबसे अधिक आठ मिलीमीटर बारिश मंडी जिला में दर्ज की गई। सोलन के चायल में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के बावजूद प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आया है। प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान ऊना में 36.0 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल में इस बार बरसात में अब तक करीब 1187 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग को 582 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की 5628 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। विभाग को करीब 316 करोड़ रुपये की संपत्ति की नुकसान हुआ है।
कहां कितनी सड़कें बंद रहीं
- जोन,सड़कें
- मंडी,23
- शिमला,14
- कांगड़ा,05
- हमीरपुर,05
कहां कितना रहा तापमान
- स्थान,,न्यूनतम,अधिकतम
- शिमला,16.7,25.4
- सुंदरनगर,22.4,32.3
- भुंतर,20.2,33.6
- कल्पा,14.8,25.0
- धर्मशाला,20.6,28.2
- ऊना,24.6,36.0
- नाहन,18.5,29.0
- सोलन,21.0,30.0
- बिलासपुर,19.5,33.0 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)