Himachal Weather: दीवाली से पहले मौसम दिखाएगा तेवर, बारिश और बर्फबारी की संभावना
Himachal Weather हिमाचल प्रदेश में दीवाली से पहले मौसम के तेवर तीन दिन तक तीखे रह सकते हैं।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में दीवाली से पहले मौसम के तेवर तीन दिन तक तीखे रह सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने 22, 23 व 24 अक्टूबर को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी और कुछ निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आया है। मंगलवार सुबह से ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है। सुबह शाम लोगों का बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड में और इजाफा होगा।
प्रदेश में सोमवार को सबसे कम तापमान केलंग में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। तीन दिन से सोलन में न्यूनतम तापमान शिमला से कम रहा। सोमवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस जबकि सोलन में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना जिला में 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को दिनभर धूप निकलने से दिन में तापमान में वृद्धि हुई जबकि शाम को गिरावट आ गई। इन दिनों सुबह व शाम ज्यादा ठंड है।
कहां कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
केलंग,0.1,14.1
कल्पा,3.0,17.3
सोलन,8.6,26.0
भुंतर,8.8,27.5
शिमला,9.9,21.4
सुंदरनगर,10.8,26.9
ऊना,13.6,30.8
धर्मशाला,14.2,21.8 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)