Himachal Weather Update: डलहौजी में तीन इंच हिमपात, पांगी का संपर्क कटा; कांगड़ा में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
Himachal Weather Update जिला कांगड़ा के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश व ओलाववृष्टि हुई है। बैजनाथ क्षेत्र में आेलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान की सूचना है।
धर्मशाला, जेएनएन। जिला कांगड़ा के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश व ओलाववृष्टि हुई है। बैजनाथ क्षेत्र में आेलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान की सूचना है। शाम को जिला चंबा के पर्यटन स्थल डलहौजी में दो से तीन इंच तक हिमपात हो गया। अचानक बर्फबारी होते देखकर पर्यटक चहक उठे। बर्फबारी व बारिश के बाद समूचे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। दुर्गम क्षेत्र पांगी में भी भारी बर्फबारी हुई है, इस कारण उपमंडल का प्रदेश से संपर्क कट गया है। उधर आलोवृष्टि से पक कर खेतों में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के विशेषज्ञों ने आज प्रदेश के कुछ स्थानों में बारिश की संभावना जताई थी। प्रदेश में 10 अक्टूबर से मौसम साफ रहने के आसार हैं। शिमला, कुल्लू, मंडी व कांगड़ा के कुछ इलाकों में बारिश हुई है। चोटियों पर बर्फबारी भी हाे रही है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण सुबह व शाम मौसम ठंडा होता जा रहा है। बारिश से किसानों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। मक्की के बाद धान की फसल को बटोरना भी मुश्किल हो गया है। लगातार बारिश का दौर जारी रहने से किसान चिंतित हैं। हालांकि मौसम केंद्र के वैज्ञानिक आगामी दिनों से मौसम साफ रहने की बात कह रहे हैं, ऐसे में किसानों को जरूर राहत मिल सकती है।
मंगलवार को विजयादशमी पर शिमला में एक मिलीमीटर बारिश हुई। शाम चार बजे बारिश शुरू हो गई। इस कारण कई जगह दशहरे के अवसर पर बनाए गए पुतले गीले हो गए। प्रदेश में तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आया है। मंगलवार को कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के मध्य व ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान ऊना में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।