Himachal Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड, जानिए मौसम का हाल
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार को बारिश व ओलावृष्टि के बाद रात को मौसम साफ हो गया था।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार को बारिश व ओलावृष्टि के बाद रात को मौसम साफ हो गया था। लेकिन वीरवार सुबह फिर से मौसम ने रुख बदल लिया है व बारिश शुरू हो गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड में इजाफा हो गया है। जिला कांगड़ा की धौलाधार पर्वत श्रृंखला पर बर्फबारी का दौर जारी है। कुल्लू मनाली के पहाड़ों समेत रोहतांग दर्रे पर भी बर्फबारी हो रही है। किन्नौर व सिरमौर के पर्वतीय इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। निचले क्षेत्र में बूंदाबांदी से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। मौसम विशेषज्ञों ने दो दिन प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
लाहुल-स्पीति के सिस्सू व कोकसर में ताजा बर्फबारी से सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। जिला में एक बार फिर जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस बर्फबारी से बीआरओ का रोहतांग दर्रा बहाली का कार्य भी प्रभावित हुआ है। मनाली-लेह मार्ग की बहाली में भी अब देरी हो सकती है। कुल्लू के पहाड़ों पर भी बर्फबारी हुई है।
जिला कांगड़ा की बिलिंग घाटी में बुधवार को अचानक मौसम खराब होने से दोपहर बाद बर्फबारी शुरू हो गई। काफी सालों के बाद बिलिंग में मार्च में भी बर्फबारी हुई है। बैजनाथ और आसपास के स्थानों में ओलावृष्टि भी हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है। बर्फबारी और ओलावृष्टि के बाद देर शाम बैजनाथ का तापमान अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं छोटा भंगाल तथा चौहार घाटी में ओलावृष्टि होने से सरसों व जौं की फसल को नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि होने से दोनों घाटियां में ठंड बढ़ गई है। इसके साथ ही बरोट-घटासनी मुख्य मार्ग पर ल्हासा गिरने से क्षतिग्रस्त मार्ग को विभाग ने पूरी तरह बहाल कर दिया है। इस सड़क से लाभान्वित मियोट, खलैहल, बड़ी व छोटी झरवाड़ गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है।