Himachal Weather Update: हिमाचल में और बढ़ेगी ठंड, इस दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ जाएगी। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने दो और चार नवंबर को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को भी सुबह कुछ स्थानों पर आसमान में बादल मंडराए रहे। निचले क्षेत्रों में धुंध पड़ना शुरू हो गई है। वहीं, जिला कुल्लू और लाहुल स्पीति को जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे पर ओस जमना शुरू हो गई है, इस कारण यहां सफर मुश्किल होता जा रहा है।
हिमाचल में सुबह व शाम ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन में धूप निकलने के बावजूद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट बदस्तूर जारी है। शिमला से ज्यादा ठंडे इन दिनों सोलन व भुंतर हैं। मंगलवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस जबकि सोलन का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलंग में शून्य से नीचे चल रहे तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है। वहा न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान ऊना में 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
कहां कितना रहा तापमान
- स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
- केलंग, 2.5,18.0
- कल्पा, 4.6,20.5
- भुंतर, 8.0,27.6
- सुंदरनगर, 10.1,26.6
- सोलन, 10.5,24.5
- शिमला, 11.7,20.7
- ऊना, 14.2,30.7
- धर्मशाला, 14.4,23.8
- नाहन,16.7,24.3 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)