Himachal Weather Update: प्रदेश में दो दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना
Himachal Weather Update हिमाचल में मौसम की अनिश्चितता बरकरार है। कुछ दिन धूप के बावजूद अब दोबारा मौसम के तेवर तीखे हो सकते हैं।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल में मौसम की अनिश्चितता बरकरार है। कुछ दिन धूप के बावजूद अब दोबारा मौसम के तेवर तीखे हो सकते हैं। मौसम विभाग ने 11 व 12 फरवरी को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी जबकि मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगह बारिश की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं।
प्रदेश में सुबह व शाम का तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस नीचे है। तामपान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। सोमवार को शिमला से ज्यादा ठंडा सोलन रहा जहां रात और सुबह का तापमान कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान शिमला में 3.7 डिग्री सेल्सियस जबकि सोलन में 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई।
शिमला सहित कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल छा जाने से अधिकतम तामपान में ज्यादा बदलाव नहीं आया। धूप निकलने से लोगों को ठंड से हल्की राहत मिली है। प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तामपान ऊना जिला में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बर्फबारी व बारिश की संभावना है। प्रदेश में 13 से 16 फरवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं।
बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति, किन्नौर व पांगी क्षेत्र में अभी भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। अब एक बार फिर मौसम के करवट बदलने से यहां हालात और बिगड़ सकते हैं। हालांकि, यहां बीआरओ व लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी सड़कों को बहाल करने में जुटे हैं। सर्दी के इस मौसम में हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। इस कारण अभी भी जनजातीय क्षेत्रों में भारी बर्फ की परत है।
कहां कितना रहा तापमान
स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
केलंग, -12.8, -2.0
कल्पा, -5.2, 2.2
मनाली, -2.6, 14.0
सोलन, 0.5, 20.0
सुंदरनगर, 1.6, 19.8
शिमला, 3.7, 15.1
कांगड़ा, 4.2, 20.7
ऊना, 4.5, 23.0 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)