Himachal Weather Forecast: प्रदेश में फिर बारिश और बर्फबारी की संभावना, जानिए मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट बदलने वाला है। मौसम विशेषज्ञों ने बारिश अौर बर्फबारी की संभावना जताई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट बदलने वाला है। मौसम विशेषज्ञों ने बारिश अौर बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने चार फरवरी को प्रदेश के कुछ ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी व कुछ मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। पांच फरवरी को मौसम साफ रहने और छह व सात फरवरी को ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
हिमाचल में इन दिनों कड़ाके की ठंड है। प्रदेश के पांच स्थानों पर रात और सुबह का तापमान जमाव बिंदु से नीचे है। प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान भी जमाव बिंदु से नीचे है। रविवार की रात और सोमवार की सुबह शिमला से ज्यादा सोलन और पालमपुर में ठंडी रही। प्रदेश में बर्फबारी के बाद भी लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। हालांकि, प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने से ठंड से कुछ राहत मिली है। प्रदेश में सोमवार को 220 सड़कों पर यातायात बाधित रहा।
हिमाचल प्रदेश में सर्दी के मौसम में इस बार रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी हुई है, इस कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। खासतौर पर पहाड़ी इलाकों व जनजातीय क्षेत्र लाहुल स्पीति, पांगी और किन्नौर में हालात बदतर हैं। यहां कई दिन से सड़कें ठप पड़ी हैं। इस कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। मौसम साफ होने पर हवाई सेवा के माध्यम से इमरजेंसी में लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है।
कहां कितना रहा तापमान
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- केलंग, -15.6, -3.0
- कल्पा, -7.4, -1.4
- मनाली, -3.8, 11.6
- कुफरी, -1.8, 5.4
- भुंतर, -0.3, 19.1
- पालमपुर, 0.5, 14.7
- सोलन, 0.5, 18.5
- शिमला, 2.5, 13.1
- ऊना, 3.6, 22.6 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
कहां कितनी सड़कें बंद
- लाहुल स्पीति, 160
- चंबा, 12
- किन्नौर, 12
- शिमला, 16
- कुल्लू, 11
- मंडी, 2
- राष्ट्रीय राजमार्ग, 4
- राज्य राजमार्ग, 1
- कांगड़ा, 1
- ऊना, 1