धर्मशाला में भाजपा ने फूंका राहुल गांधी का पुतला
भाजपा ने राफेल मुददे पर कांग्रेस के प्रचार का जबाव देते हुए धर्मशाला में राहुल गांधी का पुतला फूंका
जेएनएन, धर्मशाला। राफेल पर कांग्रेस के प्रचार पर भाजपा भी अब लाल हुई है। राफेल पर कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की जा रही छींटाकशी के विरोध में भाजपा संगठनात्मक जिला कांगड़ा द्वारा जिला मुख्यालय में रोष जताया गया। विरोध स्वरूप भाजपा ने राहुल गांधी का पुतला भी जलाया और एक ज्ञापन भी उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को प्रेषित किया।
इस दौरान कचहरी अड्डा से उपायुक्त कार्यालय तक एक रोष रैली भी भाजपा द्वारा निकाली गई। भाजपा संगठनात्मक जिला कांगड़ा के अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि राफेल खरीद पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने तथ्यहीन व बेबुनियाद प्रश्न खड़ा कर दुष्प्रचार के माध्यम से देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि राफेल डील को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में चार याचिकाएं दाखिल की गई थीं, जिस पर न्यायालय द्वारा सभी याचिकाआें को खारिज करते हुए यह भी स्पष्ट किया था कि इस समझौते पर किसी प्रकार की कोई संदेह करने का ठोस आधार नहीं है। इस मौके पर संजय शर्मा, रमेश बराड़, उत्तम चौधरी, राकेश शर्मा, वीरेंद्र चौधरी, देवी लाल, योग राज चड्डा, कुलदीप चौधरी, राजे स्याल, तेजेंद्र कौर सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्त्ता मौजूद थे।