पीजीआइ चंडीगढ़ से लौटकर कार्यालय पहुंच गया कर्मचारी, फोन पर मिली कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना
Himachal Coronavirus News चंडीगढ़ में अपना इलाज करवाकर लौटा लोक निर्माण विभाग का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकला है।
बिलासपुर, जागरण संवाददाता। चंडीगढ़ में अपना इलाज करवाकर लौटा लोक निर्माण विभाग का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकला है। दो दिन पहले चंडीगढ़ पीजीआइ में अपना इलाज करवाने के बाद यह कर्मचारी घर लौट आया था और घर के बाद आज सुबह लोक निर्माण विभाग के स्टोर में अपनी ड्यूटी के स्थान पर भी जा पहुंचा। लेकिन रिपोर्ट अभी कुछ देर पहले आने के कारण उसके संपर्क में स्टोर में तैनात कई लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी भी आ गए हैं। कोरोना संक्रमित के संपर्क में उसके गांव के कुछ लोग और परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से इस मामले में सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस से इसे साझा किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने इस कोरोना पॉजिटिव कर्मचारी के साथ-साथ इसके संपर्क में आए हुए तमाम कर्मचारियों को स्टोर में ही रोक दिया।
लोक निर्माण विभाग के जेई अनूप गौतम ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया जबली इलाके का रहने वाला यह कर्मचारी काफी समय से अपने एक गंभीर रोग का इलाज पीजीआइ चंडीगढ़ से करवा रहा है। दो दिन पहले यहां एंडोस्कोपी करवाने के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ के लिए गया हुआ था, वहां पर उसका कोविड-19 टेस्ट भी हुआ था, जिसकी रिपोर्ट आज थोड़ी देर पहले चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से बिलासपुर लोक निर्माण विभाग के साथ साझा की गई है। सूत्रों ने बताया इससे कोरोना वायरस पॉजिटिव कर्मचारी के संपर्क में कई लोग आए हैं प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों में भी लोगों की शिनाख्त करना शुरू कर दी है।