कभी भी हो सकता है बैंक शाखाओं का निरीक्षण
भाजपा मंडल अध्यक्ष करण ¨सह जमवाल के नेतृत्व में पपरोला पेट्रोल पंप में बैंड बाजों के साथ भव्य स्वागत किया।
संवाद सूत्र, पपरोला : कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की सभी शाखाओं की समीक्षा तीन माह के कामकाज को देख कर की जाएगी, जिसके लिए किसी भी शाखा में कभी भी औचक निरीक्षण किया जा सकता है। यह बात कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन राजीव भारद्वाज ने पपरोला में कही। कहा कि बढि़या काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। धर्मशाला में बैंक अधिकारियों से बैठक की है, जिसमें बैंक को ओर सुदृढ़ बनाने के लिए चर्चा की है। उनका कहना था कि सभी लोगों को घरद्वार पर अच्छी बैंक सुविधा मिले ऐसा प्रयास करना चाहिए।
राजीव भारद्वाज ने बैंक के एनपीए के बारे में कहा कि अभी उन्होंने पदभार संभाला है, इन चीजों का रिव्यू करके आगामी कार्रवाई करेंगे। कहा कि प्रदेश में बैंक की सभी 230 शाखाओं को हाईटेक किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है, वह उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक का 20 हजार करोड़ का वर्किंग कैपिटल है। प्रदेश के आधे जिलों में बैंक शाखाओं का जाल बिछा हुआ है। बैंक शाखाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, अगर जरूरत पड़ी तो और अधिक बैंक शाखाएं खोलने पर भी विचार किया जा सकता है। पूर्व में हुई अनियमितताओं पर कहा कि इस मामले में कुछ भी कहना जल्दी होगा फिर भी अगर किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपनी नियुक्ति के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद शांता कुमार, जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष करण सिंह जम्वाल के नेतृत्व में पपरोला पेट्रोल पंप में भारद्वाज का स्वागत किया गया।
इस मौके पर युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय राजपूत, महामंत्री रोहित कौशल, जिला महिला मोर्चा उपाध्यक्ष अंजू कटोच, सुदेश राणा, विजय शर्मा, पार्षद संजय सोनी, पार्षद वीरेंद्र राणा, निशा धीमान, बैजनाथ महिला मोर्चा प्रधान निर्मला डढवाल, बंदना कटोच, विक्की चौहान, कंचन शर्मा, गोकुल ठाकुर आदि मौजूद रहे।