बीबीएमबी की गुमटी में लगी आग में हमीरपुर के पुलिस जवान की जलकर मौत, दो अन्य कर्मी घायल
पंडोह में बीबीएमबी की गुमटी में आग लगने से पुलिस जवान की जलकर मौत हो गई।
मंडी, जेएनएन। पंडोह में बीबीएमबी की गुमटी में आग लगने से पुलिस जवान की जलकर मौत हो गई। इस अग्िनकांड में दो अन्य पुलिस जवान घायल हो गए हैं। हादसा रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान संतोष कुमार पुत्र स्व. श्रवण सिंह निवासी डलवाणा गुजरां डाकघर कुठेड़ा हमीरपुर के रूप में हुई है। संतोष कुमार चौथी आइआरबीएन में तैनात था और पिछले कुछ समय से पंडोह स्थित बीबीएमबी के पीवीटी स्विच यार्ड में बतौर प्रभारी सेवाएं दे रहे थे।
संतोष कुमार ने हाल ही में नए घर का निर्माण किया, जिसका कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ था और वह इस तरह मौत का शिकार हाे गया। संतोष कुमार के दो बच्चे हैं, बेटा छह साल व बेटी तीन साल की है। जवान की मां और पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। संतोष कुमार के पिता का करीब आठ साल पहले देहांत हो गया था। संतोष के दो बड़े भाई हैं व सबसे छोटा था।
जानकारी के अनुसार डे शिफ्ट में ड्यूटी देने के बाद संतोष कुमार रात को यहां बनी गुमटी में विश्राम कर रहा था। रात करीब एक बजे यहां आग लग गई। आग दो गुमटियों में लगी। लेकिन दूसरी गुमटी में सो रहे दो पुलिस जवान समय रहते खुद को बाहर निकालने में सफल हो गए, जबकि संतोष कुमार बिस्तर पर पड़ा-पड़ा बुरी तरह जल गया।
आग लगने की सूचना पुलिस चौकी पंडोह और फायर ब्रिगेड को दी गई। लेकिन जितने में आग पर काबू पाया गया, तब तक संतोष कुमार का शरीर जल चुका था। उधर, रविवार सुबह एएसपी मंडी पुनीत रघु ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।