Himachal Weather: प्रदेश के इन चार जिलों में भारी बारिश की संभावना
Monsoon Rain in Himachal प्रदेश में मानसून 20 सितंबर तक सक्रिय रहेगा। उसके बाद मानसून अलविदा कह देगा।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में आगामी कुछ घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर व हमीरपुर में भारी बारिश का संभावना है। इसके अलावा चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, व सोलन में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में मानसून 20 सितंबर तक सक्रिय रहेगा। उसके बाद मानसून अलविदा कह देगा। मौसम विभाग के विशेषज्ञों की मानें तो अभी तक मानसून सीजन के दौरान सामान्य बारिश हुई है। वर्तमान में इस सीजन के दौरान चार फीसद कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक मनीष राय ने बताया कि आने वाले छह दिन तक मौसम के मिजाज में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इस दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी। हालांकि सात से नौ सितंबर तक मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन तीन दिन के दौरान प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है।
दूसरी ओर शनिवार को मौसम सबसे अधिक गर्म रहा है। प्रदेश के कुछ स्थानों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे उमस बढ़ गई है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं गत दिनों हुई भारी बारिश से शनिवार को प्रदेशभर में 52 सड़कें बंद रही। लोक निर्माण विभाग ने दावा किया है नौ सड़कों को शनिवार शाम तक खोल गया। इसके अलावा 17 सड़कों को रविवार और 26 सड़कों को सोमवार तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
कहां, कितना रहा तापमान
- स्थान,अधिकतम,न्यूनतम
- शिमला,24.5,17
- सुंदरनगर,32.5,22.5
- भुंतर,38.8,20.6
- धर्मशाला,27.2,22.4
- ऊना,35.2,25.2
- नाहन,27.1,18.5
- सोलन,30,20.6
- बिलासपुर,34,20.2