कांगड़ा के रैहन में लापता युवक घर से 1 KM दूर कुएं में मृत मिला, पुलिस ने आसपास के लोगों से की पूछताछ
कांगड़ा के रैहन क्षेत्र में लापता 30 वर्षीय युवक वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरू का शव घर से एक किलोमीटर दूर जंगल में स्थित कुएं से बरामद हुआ है।

रैहन में कुएं में मृत मिले युवक के मामले में जांच करती पुलिस। जागरण
HighLights
रैहन में लापता 30 वर्षीय युवक वीरेंद्र कुमार कुएं में मृत मिला।
घर से एक किलोमीटर दूर जंगल में स्थित कुएं से शव बरामद।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी।
संवाद सूत्र, राजा का तालाब (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के रैहन क्षेत्र में गुमशुदा 30 वर्षीय युवक वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरू घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में स्थित कुएं में मृत मिला है। छत्तर गांव के युवक की इस तरह मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार वीरेंद्र कुमार कुछ समय से लापता था।
स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान जंगल में स्थित कुएं में उसका शव होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने आसपास के लोगों से की पूछताछ
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में किसी ने भी युवक की मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही खोलेगी मौत के राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस जांच में जुटी : एएसपी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक के कुएं तक पहुंचने सहित अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है। एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जांच कर रही है।
