हिमाचल के भाली जंगल में सनसनी, 4 दिन से लापता युवती का पेड़ से लटका मिला शव; घर से निकली थी बकरियां चराने
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भाली पंचायत के जंगल में 18 वर्षीय लापता युवती किरण देवी का शव पेड़ से लटका मिला। वह 17 नवंबर से लापता थी।

भाली के जंगल में पेड़ से लटका मिला लापता युवती का शव। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
18 वर्षीय लापता युवती का शव पेड़ से लटका मिला।
युवती 17 नवंबर से बकरियां चराने जंगल गई थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
संवाद सूत्र, जवाली। भाली पंचायत के जंगल में शनिवार को 18 वर्षीय युवती का शव पेड़ से लटका मिला। उसकी पहचान भाली निवासी किरण देवी पुत्री हरी सिंह के रूप में हुई है। वह 17 नवंबर से लापता थी।
किरण देवी 17 नवंबर को बकरियां चराने जंगल गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की पर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना कोटला में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
शनिवार को गांव का एक व्यक्ति जंगल में बकरियां चराने गया। वहां उसने युवती का शव पेड़ से लटका देखा और पुलिस थाना कोटला को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर डीएफयू की टीम को भी बुलाया गया।
टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि भाली के जंगल में युवती का शव पेड़ से लटका मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।