मैक्लोडगंज में बारिश और नवरात्र से पर्यटन कारोबार पर असर, होटलों में 20% ऑक्यूपेंसी
मैक्लोडगंज में बारिश और शारदीय नवरात्र के कारण पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ है, जिससे होटलों की ऑक्यूपेंसी घटकर 20 प्रतिशत रह गई है।
-1791775524974_m.webp)
मैक्लोडगंज के होटलों में 20 प्रतिशत रह गई आक्यूपेंसी।
HighLights
मैक्लोडगंज होटलों में 20% रह गई ऑक्यूपेंसी
बारिश और शारदीय नवरात्र बने मुख्य कारण
नवरात्र के बाद कारोबार में सुधार की उम्मीद
संवाद सहयोगी, धर्मशाला। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में मौसम और शारदीय नवरात्र का असर पर्यटन कारोबार पर पड़ा है। रविवार को वर्षा के कारण पर्यटकों की आवाजाही कम रही, जिससे होटलों में कमरों की आक्यूपेंसी 20 प्रतिशत रह गई।
इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है। पिछले वीकेंड पर आक्यूपेंसी 50 प्रतिशत थी। रविवार को मैक्लोडगंज के बाजार व अन्य पर्यटन स्थल सूने रहे।
शारदीय नवरात्र और बारिश से ठप हुआ कारोबार
होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला के अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि शारदीय नवरात्र के दौरान कई परिवार घरों में पूजा-पाठ को प्राथमिकता देते हैं, जबकि कुछ लोग देवी मंदिरों में दर्शन के लिए जाते हैं।
ऐसे में सामान्य पर्यटन गतिविधियों में कमी आना स्वाभाविक है। इस बार वर्षा ने भी पर्यटकों की आवाजाही को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि पिछले वीकेंड में बेहतर कारोबार हुआ था। होटलों में कम आक्यूपेंसी का असर पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबार पर भी पड़ता है।
नवरात्र के बाद राहत की उम्मीद
पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि नवरात्र के बाद पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। राहुल धीमान के अनुसार, यदि मौसम अनुकूल रहता है तो मैक्लोडगंज और धर्मशाला में पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है।
धर्मशाला और मैक्लोडगंज की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की अहम भूमिका है। ऐसे में सप्ताहांत पर पर्यटकों की संख्या में गिरावट का असर स्थानीय कारोबार पर पड़ता है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में SMC और कंप्यूटर शिक्षकों के लिए भर्ती का रास्ता खुला, 4800 पदों पर होगी नियुक्ति
