धर्मशाला में अवैध निर्माण पर नगर निगम ने सील की इमारत
Municipal corporation dharmshala seal two building गर निगम ने वार्ड नंबर नौ में अवैध रूप से निर्मित इमारत की द्वितीय और तृतीय मंजिल को सील कर दिया गया है।
धर्मशाला, जेएनएन। धर्मशाला में अवैध निर्माण पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। वार्ड नौ में अवैध रूप से बनाई गई इमारत की द्वितीय और तृतीय मंजिल को सील कर दिया है। साथ ही चारदीवारी को हटाने के लिए निर्माणकर्ता को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। कार्रवाई नगर निगम के अधिशाषी अभियंता संजीव सैनी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने की है। उपरोक्त अवैध निर्माण नगर परिषद धर्मशाला के समय में हुआ था और इस संबंध में नगर एवं ग्राम योजना विभाग ने फरवरी 2016 में निर्माणकर्ता को नोटिस भी जारी किया था। साथ ही उच्च न्यायालय के आदेश पर नगर निगम ने इस संबंध में कार्रवाई की है।
इमारत की द्वितीय और तृतीय मंजिल सील किए जाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार सहित कानूनगो व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मौके पर राजस्व विभाग से इमारत की चारदीवारी की निशानदेही भी करवाई गई, जो कि अवैध पाई गई है। निर्माणकर्ता ने शपथपत्र देकर इसे स्वयं तोड़ने के लिए 24 घंटे की मोहलत मांगी है। इसे नगर निगम ने स्वीकारते हुए निर्माणकर्ता को 24 घंटे का समय दिया है। अगर 24 घंटे के दौरान निर्माणकर्ता अवैध चारदीवारी को नहीं तोड़ता है तो नगर निगम स्वयं इसे तुड़वाएगा। नगर निगम की कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध निर्माणकर्ताओं में भी हड़कंप मच गया है। अधिशाषी अभियंता संजीव सैनी ने इस संबंध में पुष्टि की है।
क्या हैं नियम
नगर निगम क्षेत्र में कोई भी इमारत बनाने पर सबसे पहले नक्शा पास करवाना होता है। नक्शा पास करवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। तय समय के बाद नक्शा पास होता है और पास होने की सूचना के साथ उसकी कॉपी भी मिलती है। नक्शा पास करवाने के लिए सबसे पहले आपको अपने क्षेत्र के नगर निगम या डेवल्पमेंट अथॉरिटी की वेबसाइट पर जाना होगा और यहां आपको बिल्डिंग प्लान का लिंक होगा। इस पर क्लिक कर आपके सामने लॉगिन का पेज खुलेगा जहां आपको रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसमें पासवर्ड को आपको याद रखना होगा, क्योंकि नगर या अथॉरिटी की वेबसाइट पर आपको और काम ऑनलाइन कराने के लिए इसी पासवर्ड और लॉगिन आइडी की जरूरत पड़ेगी।
ये दस्तावेज करने होंगे अटैच
रजिस्ट्रेशन के बाद आपको बिल्डिंग प्लान से संबंधित डिटेल भरनी होगी। इसके साथ ही आपको कुछ दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इस नक्शे के साथ रजिस्ट्री की फोटो कॉपी, आर्किटेक्ट की लाइसेंस कॉपी, कब्जा प्रमाणपत्रपत्र की फोटो कॉपी अपलोड करनी होगी। आर्किटेक्ट की लाइसेंस कॉपी आपको आर्किटेक्ट से मिलेगी। आवेदन पत्र भरकर और सभी दस्तावेज पूरे कर इसे सबमिट करना होगा। इसके बाद आपको एक आइडी मिलेगी।