जेपी नड्डा बोले, तय समय से पहले तैयार होगा एम्स, अगले वर्ष से शुरू होंगी एमबीबीएस की कक्षाएं
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एम्स तय समय से पहले बन कर तैयार हो जाएगा।
बिलासपुर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा एम्स समय से पहले बनकर तैयार हो जाएगा। हर दस दिन बाद एक भवन की छत डाली जा रही है। 2020 अंत तक एम्स बनकर तैयार हो जाएगा। एम्स में एमबीबीएस की 100 सीटें हैं लेकिन प्रारंभिक तौर पर अगले वर्ष 50 सीटें शुरू की जाएंगी। इसके लिए टी¨चग व अन्य स्टाफ की नियुक्ति की जा रही है। नड्डा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ एम्स का निरीक्षण करने के बाद बिलासपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा एम्स में ओपीडी भवन तैयार हो चुका है। दिसंबर में लोगों को ओपीडी की सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने एम्स के लिए बिजली व पानी के कनेक्शन की मंजूरी दे दी है। एम्स में पानी की आपूर्ति के लिए अलग से प्रोजेक्ट का निर्माण करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा एम्स में प्रतिदिन पांच लाख लीटर पानी की जरूरत होगी। शुरू में दो लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जाएगी। एम्स के सुचारू रूप से चलते ही पांच लाख लीटर पानी प्रतिदिन सप्लाई किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, विधायक विधायक सुभाष ठाकुर, राजेंद्र गर्ग, जीत राम कटवाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, जिला भाजपा सचिव स्वदेश ठाकुर, मीडिया प्रभारी सोनल शर्मा आदि मौजूद थे।
15 दिसंबर तक होगा प्रदेशाध्यक्ष का फैसला : सत्ती
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा प्रदेशाध्यक्ष का फैसला 15 दिसंबर तक हो जाएगा। उन्होंने कहा सोमवार को हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए किसी के नाम की चर्चा नहीं हुई है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठन चुनावों की अब तक प्रगति की समीक्षा की है। नड्डा ने संबंधित क्षेत्र के नेताओं को निर्देश दिए कि वे उपचुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। सत्ती ने कहा संगठन के चुनाव पूरे प्रदेश में हो रहे हैं। अधिकतर जगहों पर आम सहमति से संगठन के चुनाव हो सकते हैं।