मंडी, सोलन व पालमपुर बने नगर निगम, जानिए पूरी खबर
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों - सोलन मंडी और पालमपुर को नगर निगम बनाने पर मुहर लगा दी है। इसके साथ ही छह ग्राम पंचायतों को भी नगर पंचायत बनाने का फैसला लिया गया है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों - सोलन, मंडी और पालमपुर को नगर निगम बनाने पर मुहर लगा दी है। इसके साथ ही छह ग्राम पंचायतों को भी नगर पंचायत बनाने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही, नगर निकायों में शामिल होने वाली ग्राम पंचायतों के क्षेत्र में भवन और अन्य टैक्स को लेकर तीन साल छूट देने पर भी मंत्रिमंडल ने मुहर लगा दी है। नए बनाए गए नगर निगम और नगर पंचायतों में चुनाव जनवरी में होंगे। धर्मशाला नगर निगम के चुनाव भी जनवरी में करवाने को मंजूरी दे दी गई है। लंबे समय से इन शहरों को नगर निगम बनाए जाने की आस थी।
जनमंच लौटेगा, आठ नवंबर से होगा आयोजन
मंत्रिमंडल ने फैसला लिया है कि नवंबर से प्रदेश भर में जनमंच आयोजित होंगे। गौरतलब है कि जनमंच जयराम ठाकुर सरकार का ऐसा कार्यक्रम है जिसमें राजनीतिक एवं प्रशासनिक नेतृत्व किसी निश्चित स्थान पर जनता की समरूयाएं सुनता है और मौके पर समाधान का प्रयास करता है। मार्च के बाद यह पहला जनमंच होगा क्योंकि कोरोनाकाल में यह गतिविधि बंद थी।
नौवीं से 12वीं के विद्यार्थी 2 नवंबर से स्कूल जाएंगे
मंत्रिमंडल ने फैसला लिया है कि सरकारी स्कूलों में नौवीं से 12वीं के लिए 2 नवंबर से नियमित कक्षाएं आयोजित होंगी। अभी केवल शिक्षक ही आ रहे थे जबकि विद्यार्थी केवल मार्गदर्शन लेने के लिए ही स्वेच्छा से आ रहे थे।
कांस्टेबलों के 334 रिक्त पद भरे जाएंगे
मंत्रिमंडल ने फैसला लिया है कि कांस्टेबलों के 334 पद भरे जाएंगे जबकि एसएमसी शिक्षकों को वित्तीय वर्ष 2020 21 के लिए सेवाविस्तार भी दिया गया है। उधर, कॉलेज के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को प्रमोट करने को भी मंजूरी दी गई है।