एचआरटीसी बस की चपेट में आने से आठ साल के बच्चे की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर बस कब्जे में ली
Mandi Jogindernagar Accident पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगेंद्रनगर हलके की मोहन घाटी में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से आठ साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा शनिवार को हुआ। लेखराज ने शुक्रवार रात को सड़क किनारे अपनी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी की थी।
जोगेंद्रनगर, संवाद सहयोगी। Mandi Jogindernagar Accident, पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगेंद्रनगर हलके की मोहन घाटी में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से आठ साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा शनिवार को हुआ। बदेहड़ पंचायत के लेखराज ने शुक्रवार रात को सड़क किनारे अपनी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी की थी। शनिवार को वह ट्रैक्टर ट्राली से कुछ समान लाने गया था। उसका आठ साल का बेटा अमित कुमार भी पीछे चला गया। सड़क पार करने के लिए उसने अचानक दौड़ लगा दी। उसी दौरान बैजनाथ से जोगेंद्रनगर आ रही निगम की बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अमित कुमार को नागरिक अस्पताल बैजनाथ ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जोगेंद्रनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर निगम की बस को कब्जे में लिया है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक कुलदीप सिंह ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्वजन के प्रति संवेदना व्यक्त की है। एसडीएम जोगेंद्रनगर ने मृतक के स्वजन को 15 हजार रुपये फौरी राहत दी है। इस हादसे से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता लेखराज व माता शांता देवी अपने इकलौते बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं। वहीं तीन बहनों से भाई का प्यार हमेशा के लिए छिन गया है। आठ साल का अमित स्कूल में छुट्टियां होने के बाद परिवार में हंसी खुशी से समय बिता रहा था।