पालमपुर में सोलन की तर्ज पर बनेगा माल रोड, शाम को बाजार से वाहनों की आवाजाही होगी बंद
Mall Road in Palampur सोलन की तर्ज पर पालमपुर में माल रोड बनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है।
पालमपुर, जेएनएन। सोलन की तर्ज पर पालमपुर में माल रोड बनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक पालमपुर बाजार स्थित अस्पताल से सुभाष चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद की जाएगी। ताकि पर्यटकों व स्थानीय लोगों को घूमने में दिक्कत का सामना न करना पड़े। साथ ही आम जनता को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रशासन ने कदमताल शुरू कर दी है। उपमंडल पालमपुर प्रदेश के सबसे व्यस्त उपमंडल मुख्यालयों में से एक है। वाहनों का बढ़ता दबाव जहां सीधे तौर पर देखा जा सकता है वहीं जनता की अपेक्षाएं भी प्रशासन से अधिक रहती हैं। इस संबंध में दैनिक जागरण ने उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) धर्मेश रमोत्रा से बातचीत की। पेश हैं पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश..
पालमपुर मुख्यालय के लिए क्या कार्य योजना है?
उपमंडल मुख्यालय पालमपुर के संयुक्त कार्यालय में सुविधाओं का इजाफा करना है। दूरदराज इलाकों से जनता यहां पर कार्य करवाने के लिए आती है। उनका काम आसानी से हो और एक काम के लिए उन्हें दूसरा चक्कर नहीं लगाना पड़े इसके लिए सुविधाओं को एक ही छत के नीचे प्रदान करना लक्ष्य है। यहां सुगम सेंटर की स्थापना की जा रही है। सेंटर में प्रत्येक प्रकार के प्रमाणपत्रों को प्रदान करवाया जाएगा।
संयुक्त कार्यालय के तीन मंजिला भवन में बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांगों को परेशानी होती है। इनके लिए क्या प्रयास कर रहे हैं?
जल्द ही कार्यालय में लिफ्ट का प्रावधान किया जाएगा। इसके लिए धनराशि है। औपचारिकताएं पूरी होते ही कार्य पूरा किया जाएगा। कार्यालय परिसर में एक कान्फ्रेंस हॉल बनाया जाना प्रस्तावित है। परिसर में जगह उपलब्ध है।
पार्किंग समस्या से निपटने के लिए क्या योजना है?
पालमपुर नगर में जल्द पार्किंग समस्या से निजात दिलाई जाएगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम की खाली जमीन पर एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के सहयोग से मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त पार्किंग के लिए छोटे-छोटे स्थलों को चिह्नित किया जाएगा। संयुक्त कार्यालय परिसर में मुख्य पार्किंग को पेड किया जा रहा है। कार्यालय के निचली तरफ उपमंडल के बाहर से आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
बुद्धिजीवी वर्ग मुख्य बाजार में वाहनों के बढ़ते दबाव से निजात चाहता है। इसके लिए क्या कर रहे हैं?
पालमपुर बाजार में स्थित अस्पताल से सुभाष चौक शाम को तीन घंटे तक वाहनों से मुक्त रहेगा। इसके लिए कार्ययोजना बना ली है। जल्द अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। पर्यटन की दृष्टि से वाहनों की आवाजाही बंद की जाएगी।
रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए क्या योजना है?
पालमपुर नगर में वेंडिंग जोन होने चाहिए। नगर परिषद के अधिकारियों के साथ पंजीकृत वेंडरों के साथ बैठक की जाएगी। सबलेटिंग करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।