भारतीय सेना को मजबूती देगा मनाली-लेह मार्ग पर बना सबसे लंबा पुल, कल रक्षा मंत्री करेंगे लोकार्पण
Manali Leh Road मनाली-लेह मार्ग के दारचा में 360 मीटर लंबा पुल भारतीय सेना को मजबूती देने के लिए तैयार है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वीरवार को यह भव्य पुल देश को समर्पित करेंगे। रक्षा मंत्री कल ऑनलाइन इस पुल का लोकार्पण करेंगे।
मनाली, जेएनएन। मनाली-लेह मार्ग के दारचा में 360 मीटर लंबा पुल भारतीय सेना को मजबूती देने के लिए तैयार है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वीरवार को यह भव्य पुल देश को समर्पित करेंगे। रक्षा मंत्री कल ऑनलाइन इस पुल का लोकार्पण करेंगे। चीन से तनातनी के बीच सामरिक महत्व की अटल टनल रोहतांग का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री तीन अक्टूबर को करने जा रहे हैं। इस बीच एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई है। इस पुल के बन जाने से भारतीय सेना भारी मशीनरी चीन सीमा तक आसानी से पहुंचा सकती है। यह ब्रिज उत्तरी भारत का दूसरा और हिमाचल का पहला सबसे लंबा स्टील ट्रस्ट ब्रिज है।
पलचान और दारचा में बने दोनों भव्य पुल गर्ग एंड गर्ग कंपनी ने प्रबंधक प्यारे लाल शर्मा और इंजीनियर इकबाल सिंह कलसी की देखरेख में तैयार किए हैं। बीआरओ दीपक परियोजना के चीफ इंजीनियर ब्रिगेडियर एमएस बाघी ने कहा दारचा में बना 360 मीटर लंबा पुल मनाली-लेह मार्ग का सबसे लंबा पुल है।
माइनस तापमान में कार्य करना था चुनौती
बीआरओ अधिकारियों का कहना है दारचा के भागा नदी में माइनस डिग्री तापमान के बीच पुल का निर्माण करना चुनौती भरा था। अधिकतर समय यहां का तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस में रहता है। बर्फीला क्षेत्र होने का कारण साल में पांच महीने ही कार्य करने को मिलते थे। पुल बनाने वाली गर्ग एंड गर्ग कंपनी के मैनेजर प्यारे लाल और इंजीनियर इकबाल सिंह कलसी ने बताया माइनस डिग्री में काम करना चुनौती था। लेकिन बीआरओ के मार्गदर्शन में कंपनी ने 360 मीटर लंबे ब्रिज को बनाने में सफलता पाई है।
अब नही सताएगी भागा नदी में आने वाली बाढ़
भागा नदी पर यह पुल लंबा इसलिए बनाना पड़ा कि हर साल नदी में आने वाली बाढ़ अपनी दिशा बदल देती थी। बीआरओ को हर तीसरे चौथे साल वैली ब्रिज का निर्माण करना पड़ता था। बाढ़ आने से कई बार लेह जाने वाला सेना का काफिला भी रुक जाता था, लेकिन अब 360 मीटर लंबा पुल बनने से लेह मार्ग पर भागा नदी में पानी बढ़ जाने से यातायात प्रभावित नहीं होगा।
सीएम जयराम लाहुल के दौरे पर
अटल टनल के लोकार्पण व प्रधानमंत्री के लाहुल व मनाली दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज से दो दिवसीय केलंग दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री आज तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉक्टर रामलाल मार्कंडेय और लाहुल स्पीति प्रशासन संग बैठक करेंगे। दोपहर बाद वाहन द्वारा सिस्सू के लिए रवाना होंगे। सिस्सू हेलीपैड का निरीक्षण करने का बाद बीआरओ अधिकारियों संग बैठक कर अटल टनल के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लेंगे।
जयराम ठाकुर भी जुड़ेंगे कार्यक्रम में
शाम को मनाली सर्किट हाउस में बैठक कर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर व जिला प्रशासन संग तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री कल मनाली के पलचान पुल का भी शुभारंभ करेंगे। सीएम का रात्रि ठहराव मनाली के सर्किट हाउस में रहेगा। वीरवार सुबह मुख्यमंत्री मनाली परिधि गृह से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समारोह में ऑनलाइन जुड़ेंगे। समारोह के बाद मुख्यमंत्री पलचान पुल का लोकार्पण करेंगे।